सोमवार, 9 फ़रवरी 2026

गोण्डा- जिलाधिकारी ने की फार्मर रजिस्ट्री के कार्यों की समीक्षा बैठक, संबंधित अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

शेयर करें:
गोण्डा- कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में फार्मर रजिस्ट्री कार्य की प्रगति की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जनपद में संचालित फार्मर रजिस्ट्री अभियान की स्थिति का मूल्यांकन करना तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य को पूर्ण कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देना रहा।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने फार्मर रजिस्ट्री को शासन की अत्यंत महत्वपूर्ण योजना बताते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि फार्मर रजिस्ट्री से किसानों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का सीधा लाभ प्राप्त होना है, अतः इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी इस कार्य को विशेष संज्ञान में लेते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री का कार्य समयबद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित होना चाहिए। इसके लिए राजस्व, कृषि, पंचायत एवं अन्य संबंधित विभागों के बीच आपसी समन्वय आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम स्तर पर कैंप आयोजित कर किसानों का पंजीकरण कराया जाए तथा जिन किसानों का पंजीकरण अभी शेष है, उन्हें जागरूक कर शीघ्र रजिस्ट्री कराई जाए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने प्रगति रिपोर्ट की विस्तार से जानकारी ली और जिन क्षेत्रों में अपेक्षित प्रगति नहीं पाई गई, वहां संबंधित अधिकारियों को त्वरित सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि फार्मर रजिस्ट्री में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या आने पर उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को असुविधा न हो।
बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी श्रीमती रिंकी जायसवाल, जिला विकास अधिकारी एसके श्रीवास्तव, उप निदेशक कृषि पीके ठाकुर सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा फार्मर रजिस्ट्री कार्य की अद्यतन स्थिति से जिलाधिकारी को अवगत कराया गया।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे शासन की मंशा के अनुरूप फार्मर रजिस्ट्री कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराना सुनिश्चित करें, जिससे अधिक से अधिक किसानों को इसका लाभ मिल सके।