गोण्डा- जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने जिला निर्वाचन कार्यालय एवं सदर तहसील गोण्डा में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण का उद्देश्य निर्वाचन क्षेत्रों में निर्वाचक नामावलियों की सटीकता सुनिश्चित करना और आगामी निर्वाचन प्रक्रिया को पूरी तरह से निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाना रहा। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन कार्यों की स्थिति और प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।
उन्होंने नोडल अपर उपजिलाधिकारी जितेंद्र कुमार गौतम, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी मोहम्मद रजी, उपजिलाधिकारी गोण्डा सदर अशोक कुमार गुप्ता सहित अन्य सभी संबंधित अधिकारियों से कार्यक्रम के संचालन, समस्याओं एवं सुधारात्मक के संबंध में जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्वाचक नामावलियों का विशेष ध्यान रखते हुए किसी भी त्रुटि या विसंगति को तुरंत सुधारा जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि विधानसभा क्षेत्रों में सभी मतदाताओं की जानकारी पूर्ण और अद्यतन हो, जिससे मतदाता सूची में किसी प्रकार की कमी या दुरूपयोग की संभावना न रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी इसे प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा करें।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि संबंधित अधिकारियों को जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए आम जनता को भी नामावली में सुधार या संशोधन हेतु सक्षम और सरल व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम की वर्तमान स्थिति और विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में चल रहे सुधारात्मक कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।
