गोण्डा- मण्डलीय आकांक्षा समिति देवीपाटन मण्डल के तत्वावधान में मंगलवार को जनपद गोण्डा स्थित बाल देख-रेख संस्थान (सीसीआई) बालगृह बालिका/शिशु गृह, पंतनगर में बच्चों के सर्वांगीण कल्याण को ध्यान में रखते हुए एक बहुआयामी सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग, गोण्डा के संयुक्त सहयोग से किया गया। इस अवसर पर संस्थान में निवासरत बालिकाओं एवं बच्चों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। दृष्टि संबंधी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए जरूरतमंद बच्चों को चश्मों का वितरण किया गया, जिससे उन्हें पढ़ाई एवं दैनिक गतिविधियों में सुविधा मिल सके।
कार्यक्रम के अंतर्गत बालिकाओं के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए सेनेटरी नैपकिन का वितरण किया गया। साथ ही ठंड के मौसम को देखते हुए बच्चों को ऊनी वस्त्र प्रदान किए गए, जिससे उन्हें ठंड से राहत मिल सके। बच्चों के लिए नाश्ता एवं अल्पाहार की भी समुचित व्यवस्था की गई, जिससे कार्यक्रम का वातावरण और अधिक आत्मीय, उत्साहपूर्ण एवं बच्चों के अनुकूल बना रहा।
कार्यक्रम में मण्डलीय आकांक्षा समिति की अध्यक्षा गरिमा भूषण और उनके साथ आयुक्त शशि भूषण लाल सुशील , जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन एवं मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन ने बच्चों से सीधा संवाद किया, उनका उत्साहवर्धन किया तथा इस पहल को समाज और प्रशासन के समन्वित प्रयास का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
इस अवसर पर आयुक्त एवं मण्डलीय आकांक्षा समिति की अध्यक्षा द्वारा स्वयं अपने हाथों से बच्चों को ऊनी वस्त्र, चश्मा, नाश्ता/अल्पाहार तथा सेनेटरी नैपकिन आदि वितरित किए गए, जिससे बच्चों में विशेष प्रसन्नता देखी गई। आकांक्षा समिति की अध्यक्षा गरिमा भूषण ने कहा कि बच्चों का समग्र विकास सुनिश्चित करना समाज और प्रशासन की साझा जिम्मेदारी है। स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं संवेदनशील देखभाल के माध्यम से ही बच्चों को सुरक्षित, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य प्रदान किया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में बच्चों के चेहरों पर खुशी और संतोष स्पष्ट रूप से झलक रहा था। संस्थान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आकांक्षा समिति, जिला प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस आयोजन को बच्चों के हित में अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
