मंगलवार, 17 फ़रवरी 2026

गोण्डा- अचानक गुम हुए चारों बच्चों को पुलिस ने सरसो के खेत मे सोते हुए सकुशल किया बरामद, परिजनों में खुशी की लहर

शेयर करें:
गोण्डा- थाना खोड़ारे पुलिस ने गुम हुए चारों बच्चों को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया तो परिजनो में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। दरअसल, 16 फरवरी की रात्रि में थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम ढढुआ कुतुबजोत के चार नाबालिग बच्चे (उम्र लगभग 6 वर्ष से 10 वर्ष) घर से अचानक लापता हो गए थे। सूचना मिलते ही एसपी विनीत जायसवाल ने पुलिस की कई टीमों का गठन कर सघन तलाश अभियान चलाया।पुलिस टीम ने पूरी रात सरसों के खेत, तालाब और आसपास के इलाकों में बच्चों की तलाश की। एसडीआरएफ टीम को भी बुलाकर तालाब का पानी खाली कराया गया, लेकिन बच्चे वहां नहीं मिले। अगली सुबह फिर से तलाशी अभियान शुरू किया गया और आखिरकार बच्चों को सरसों के खेत में सोते हुए बरामद कर लिया गया। बच्चों को सीएचसी गौरा में चिकित्सीय परीक्षण के लिए ले जाया गया, जहां वे पूर्णतः स्वस्थ पाए गए। पूछताछ में पता चला कि सबसे बड़ा लड़का (उम्र लगभग 10 वर्ष) डांट के डर से घर नहीं गया था और अपने साथ खेल रहे छोटे बच्चों को भी लेकर सरसों के खेत में छिप गया था। पुलिस ने परिजनों की आवश्यक काउंसिलिंग भी की है और उन्हें बच्चों की देखभाल करने की सलाह दी है। परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।