शहीद विजय सिंह पथिक जयंती को भव्य स्वरूप देने की तैयारी, गुर्जर महासभा ने केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को किया आमंत्रित!!
नई दिल्ली/ग्रेटर नोएडा।
दो टूक// महान स्वतंत्रता सेनानी, किसान आंदोलनों के प्रखर प्रेरणास्रोत एवं राष्ट्रभक्ति के प्रतीक शहीद विजय सिंह पथिक की जयंती को भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए अखिल भारतीय गुर्जर महासभा द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। इसी क्रम में दिल्ली के तुगलक रोड स्थित आवास पर भारत सरकार के राज्य मंत्री (कौशल विकास एवं उद्यमिता) श्री जयंत चौधरी के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक का नेतृत्व अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री श्री हरिश्चंद्र भाटी एवं डॉ. यशवीर सिंह ने किया, जबकि बैठक का सफल, संतुलित एवं प्रभावी संचालन गौतम बुद्ध नगर के जिला अध्यक्ष श्री अशोक भाटी द्वारा किया गया।
बैठक के दौरान श्री अशोक भाटी ने आगामी विजय सिंह पथिक जयंती समारोह, जो कि ग्रेटर नोएडा स्थित अखिल भारतीय गुर्जर संस्कृति शोध संस्थान “गुर्जर भवन” में आयोजित किया जाएगा, में केंद्रीय मंत्री श्री जयंत चौधरी को बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया। उन्होंने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि यह आयोजन समाज, किसानों, युवाओं और महिलाओं को एक सकारात्मक दिशा देने वाला होगा।
27 फरवरी से शुरू होंगे कार्यक्रम, यज्ञ-हवन से होगा शुभारंभ
जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने जानकारी देते हुए बताया कि जयंती समारोह का शुभारंभ 27 फरवरी को यज्ञ-हवन एवं समाज के युवाओं के सम्मेलन से किया जाएगा। इसके साथ-साथ
- उद्यमिता विकास प्रदर्शनी,
- किसान सम्मेलन,
- भव्य जयंती समारोह एवं सामूहिक भोजन व्यवस्था,
- तथा महिलाओं को प्रोत्साहित करने हेतु सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी को मजबूत करना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और नेतृत्व के लिए प्रेरित करना है।
शहीद विजय सिंह पथिक के विचार आज भी प्रासंगिक
बैठक को संबोधित करते हुए अशोक भाटी ने कहा कि शहीद विजय सिंह पथिक ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में किसानों और आमजन के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनका संपूर्ण जीवन त्याग, संघर्ष, निडरता और राष्ट्रभक्ति का अद्वितीय उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि पथिक जी तथा उनके परिवार और सहयोगियों द्वारा देशहित में दिया गया योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। यह जयंती आयोजन उनके आदर्शों और विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक सशक्त प्रयास है।
इस महत्वपूर्ण बैठक में जोगिंदर अवाना, जनार्दन सिंह भाटी, डॉ. जिलेसिंह, विपिन तंवर, सिंहराज गुर्जर, रामकेश चपराना, विजयपाल कसाना, बबली कसाना, विनय प्रधान, नामित भाटी सहित अनेक समाजसेवी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस दौरान विपिन तंवर ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर अपने विचार रखे और समाज के युवाओं को शिक्षा, रोजगार एवं संगठन से जोड़ने पर जोर दिया। उनकी सक्रिय सहभागिता और संगठन के प्रति समर्पण की उपस्थितजनों ने सराहना की।
अशोक भाटी की भूमिका की सर्वत्र प्रशंसा
बैठक में मौजूद सभी पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने अशोक भाटी की संगठनात्मक दक्षता, दूरदर्शी सोच और समाज के प्रति निष्ठा की खुले मंच से सराहना की। सभी ने एकमत से कहा कि अशोक भाटी के नेतृत्व में यह आयोजन केवल एक जयंती समारोह नहीं, बल्कि समाज को संगठित कर नई पीढ़ी को राष्ट्रसेवा और सामाजिक चेतना से जोड़ने का प्रेरक मंच बनेगा।।
