गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-39 पुलिस व सर्विलांस टीम ने 06 शातिर चोर दबोचे, 03 चोरी की कारें, फर्जी नंबर प्लेट व आधुनिक उपकरण बरामद!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
गौतमबुद्धनगर | 04 फरवरी 2026
दो टूक// कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने संगठित वाहन चोरी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए हाईटेक तरीकों से चार पहिया वाहन चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का खुलासा किया है। थाना सेक्टर-39 पुलिस एवं नोएडा सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में 06 शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से 03 चोरी की कारें, चोरी में प्रयुक्त हुण्डई ओरा टैक्सी, 02 फर्जी नंबर प्लेट तथा की-प्रोग्रामर, GPS जैमर जैसे आधुनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।
कहां से हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस एवं इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर सेक्टर-82 कट क्षेत्र से सभी अभियुक्तों को दबोच लिया। पूछताछ में अभियुक्तों ने नोएडा, दिल्ली-एनसीआर सहित अन्य राज्यों में संगठित तरीके से वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
बरामदगी का बड़ा खुलासा
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से—
- मारुति ब्रेजा (सफेद) – गाजियाबाद से चोरी
- मारुति ब्रेजा (सफेद) – नोएडा से चोरी
- मारुति स्विफ्ट (सफेद) – जयपुर, राजस्थान से चोरी
- हुण्डई ओरा टैक्सी कार – अपराध में प्रयुक्त
- 02 फर्जी नंबर प्लेट
- टी-लॉक ब्रेकर, की-प्रोग्रामर (OBD Star), GPS जैमर, वायर कटर, चाबियाँ व अन्य उपकरण बरामद किए गए।
चोरी का शातिर तरीका
पूछताछ में सामने आया कि अभियुक्त टैक्सी वाहन के माध्यम से दिन-रात रैकी करते थे। चिन्हित वाहनों को की-प्रोग्रामर से लॉक तोड़कर चोरी किया जाता था। चोरी की गई कारों में GPS जैमर लगाकर ट्रैकिंग सिस्टम को निष्क्रिय कर दिया जाता था, जिससे पुलिस की पकड़ से बचा जा सके। इसके बाद वाहनों को राजस्थान, हरियाणा के मेवात क्षेत्र एवं अन्य राज्यों में बेच दिया जाता था।
लंबा आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, जयपुर सहित विभिन्न राज्यों में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट एवं संगठित अपराध से जुड़े गंभीर मामले शामिल हैं।
पुलिस की सख्त कार्रवाई
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस की यह कार्रवाई वाहन चोरी के बढ़ते अपराधों पर करारा प्रहार मानी जा रही है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों एवं नेटवर्क की जांच में जुटी है।
