बुधवार, 4 फ़रवरी 2026

ऑनलाइन कोरियन लव गेम का खौफनाक असर: गाजियाबाद में 3 नाबालिग बहनों ने 9वीं मंज़िल से कूदकर दी जान!!

शेयर करें:

ऑनलाइन कोरियन लव गेम का खौफनाक असर: गाजियाबाद में 3 नाबालिग बहनों ने 9वीं मंज़िल से कूदकर दी जान!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// गाजियाबाद।
ऑनलाइन गेमिंग की लत किस हद तक खतरनाक साबित हो सकती है, इसका दिल दहला देने वाला उदाहरण गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र स्थित भारत सिटी सोसायटी से सामने आया है। यहां देर रात करीब 2 बजे तीन सगी नाबालिग बहनों—निशिका (16), प्राची (14) और पाखी (12)—ने 9वीं मंज़िल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों बहनें एक ऑनलाइन गेम ‘Korean Love Game’ में अत्यधिक रूप से उलझ चुकी थीं। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट और एक डायरी मिली है, जिसमें गेम से जुड़े टास्क, भावनात्मक बातें और मानसिक संघर्ष के संकेत दर्ज हैं।

कमरे की दीवारों पर उकेरा गया दर्द

घटना के बाद जब पुलिस ने उस कमरे की जांच की, तो वहां का दृश्य बेहद भावुक कर देने वाला था। कमरे में बिखरा सामान, दीवार पर लगी राधा-कृष्ण की तस्वीर और जगह-जगह पेंसिल से बने स्केच मिले। कई स्केच और लिखे हुए शब्दों पर क्रॉस का निशान बना हुआ था, मानो उन्हें काट दिया गया हो।
एक स्थान पर अंग्रेज़ी में लिखा था—
“I am very alone. Make me a heart of broken”
(मैं बहुत अकेली हूं, मेरा दिल टूट गया है।)

फर्श पर परिवार की तस्वीरें चिपकी हुई थीं, जिन पर भी बाद में क्रॉस के निशान बने पाए गए।

50 टास्क वाला गेम, आखिरी टास्क बना मौत की वजह

मृतक बहनों के पिता चेतन ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटियां अक्सर कहती थीं कि उन्हें कोरिया जाना है। जांच में पता चला है कि संबंधित गेम में कुल 50 टास्क थे और मंगलवार को गेम का आखिरी टास्क था। उसी टास्क को पूरा करने के दबाव में तीनों बहनों ने यह कदम उठाया।
बताया गया है कि तीन बहनों में से बीच वाली बेटी प्राची गेम में “डेथ कमांडर” की भूमिका निभा रही थी।

सुरक्षा ग्रिल के बावजूद उठाया कदम

बालकनी में ऊंची ग्रिल लगी होने के बावजूद बच्चियों ने स्टूल का इस्तेमाल कर छलांग लगाई। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य घर में ही मौजूद थे, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।

सुसाइड नोट में लिखा— “पापा, हम गेम नहीं छोड़ सकते”

पुलिस को मिले सुसाइड नोट में लिखा है—
“पापा, हम कोरियन गेम नहीं छोड़ सकते। हम मर रहे हैं। सॉरी पापा।”
यह नोट बच्चियों की मानसिक स्थिति और गेम के प्रति उनके गहरे भावनात्मक जुड़ाव की ओर इशारा करता है।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि संबंधित गेम किस प्लेटफॉर्म से खेला जा रहा था और क्या इसके पीछे किसी तरह का मानसिक दबाव या उकसावे की भूमिका रही है।

ऑनलाइन गेमिंग को लेकर चेतावनी

यह घटना ऑनलाइन गेमिंग और बच्चों की मानसिक सेहत को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। विशेषज्ञों का कहना है कि अभिभावकों को बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ उनसे नियमित संवाद बनाए रखना बेहद जरूरी है।

(यदि कोई मानसिक तनाव या भावनात्मक दबाव महसूस कर रहा हो, तो परिवार, भरोसेमंद लोगों या परामर्शदाता से बात करना अत्यंत आवश्यक है।)