गौतमबुद्धनगर: नोएडा सेक्टर-30 स्थित चाइल्ड PGI अस्पताल पर लापरवाही और घूसखोरी के गंभीर आरोप !!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
हार्ट सर्जरी के बाद ढाई साल के बच्चे की मौत, CMO से निष्पक्ष जांच की मांग
नोएडा।
दो टूक:: नोएडा सेक्टर-30 स्थित चाइल्ड PGI अस्पताल में हार्ट सर्जरी के बाद एक ढाई साल के मासूम बच्चे की मौत के बाद अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना के बाद परिजनों ने डॉक्टरों और अस्पताल कर्मचारियों पर इलाज में भारी लापरवाही, समय पर दवा न देने और पैसे मांगने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं, जिससे अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
परिजनों का आरोप है कि हार्ट सर्जरी के बाद बच्चे की हालत लगातार बिगड़ती रही, लेकिन इसके बावजूद डॉक्टरों द्वारा न तो समय पर जरूरी दवाइयां दी गईं और न ही समुचित चिकित्सकीय निगरानी की गई। परिजनों का यह भी कहना है कि अस्पताल के एक कर्मचारी ने इलाज के दौरान अतिरिक्त पैसे की मांग की और पैसे न देने पर इलाज में जानबूझकर लापरवाही बरती गई, जिसका खामियाजा मासूम बच्चे को अपनी जान देकर भुगतना पड़ा।
परिजनों ने यह आरोप भी लगाया कि बच्चे की मौत के बाद बिना उनकी जानकारी और सहमति के पोस्टमार्टम कराने की कोशिश की गई, जिससे परिजनों का आक्रोश और बढ़ गया। घटना के बाद गुस्साए परिजन बड़ी संख्या में अस्पताल के बाहर एकत्र हो गए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और स्थिति को शांत कराया। परिजनों द्वारा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए गौतमबुद्धनगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) को लिखित शिकायत पत्र सौंपा गया है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है—
क्या नोएडा सेक्टर-30 स्थित चाइल्ड PGI अस्पताल के इस मामले में CMO साहब निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करेंगे, या फिर मामला लीपापोती की भेंट चढ़ जाएगा?
मासूम की मौत ने एक बार फिर निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली, चिकित्सा नैतिकता और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई पर लोगों की नजर बनी हुई है।।
