शुक्रवार, 6 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू प्रतिनिधिमंडल की सीईओ नोएडा से मुलाकात!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू प्रतिनिधिमंडल की सीईओ नोएडा से मुलाकात!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

अशोक भाटी के नेतृत्व में रखी गई लंबित विकास कार्यों व किसान अधिकारों की मांग, जल्द बैठक का मिला आश्वासन

नोएडा | 6 फरवरी 2026

दो टूक// भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) गौतमबुद्धनगर के जिला अध्यक्ष अशोक भाटी के नेतृत्व में भाकियू के एक प्रतिनिधिमंडल ने नवनियुक्त सीईओ नोएडा विकास प्राधिकरण श्री कृष्णा करुणेश से शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें पदभार ग्रहण करने पर शुभकामनाएं दीं और साथ ही क्षेत्र में वर्षों से लंबित विकास कार्यों, किसानों, मजदूरों एवं ग्रामीणों से जुड़ी ज्वलंत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

मुलाकात के दौरान जिला अध्यक्ष अशोक भाटी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) हमेशा संवाद और शांतिपूर्ण वार्ता के माध्यम से समस्याओं के समाधान की पक्षधर रही है, लेकिन दुर्भाग्यवश लंबे समय से किसान, मजदूर और ग्रामीण अपनी समस्याओं को लेकर प्राधिकरण के चक्कर काट रहे हैं। कहीं भी ठोस सुनवाई न होने से किसानों में भारी रोष व्याप्त है।

अशोक भाटी ने कहा कि

“नोएडा प्राधिकरण की स्थापना को 50 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं, लेकिन आज भी यहां के किसान अपनी मूलभूत समस्याओं से जूझ रहे हैं। आज़ादी के लगभग 78 वर्षों बाद भी किसान खुद को प्राधिकरण की बेड़ियों से मुक्त नहीं महसूस कर पा रहा है।”

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का समय रहते समाधान नहीं किया गया, तो भारतीय किसान यूनियन को आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्राधिकरण प्रशासन की होगी।

अशोक भाटी : संघर्ष, संयम और किसान हितों की मजबूत आवाज

गौतमबुद्धनगर जिले में अशोक भाटी को एक ऐसे किसान नेता के रूप में जाना जाता है, जिन्होंने वर्षों से किसानों के हक और अधिकारों के लिए संघर्ष, संयम और सतत प्रयास के साथ आवाज़ बुलंद की है। भूमि अधिग्रहण, मुआवजा, पुनर्वास, गांवों की मूलभूत सुविधाएं और किसानों की सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा जैसे मुद्दों पर वे लगातार प्रशासन से संवाद करते रहे हैं। अशोक भाटी का नेतृत्व किसानों के बीच विश्वास, एकजुटता और साहस का प्रतीक बन चुका है, वहीं उनका शांत लेकिन दृढ़ रवैया प्रशासनिक स्तर पर भी गंभीरता से सुना जाता है।

भाकियू के एनसीआर अध्यक्ष परविंदर अवाना ने भी बैठक में अपनी बात रखते हुए कहा कि नोएडा सहित पूरे एनसीआर क्षेत्र में किसान भूमि अधिग्रहण, मुआवजा, पुनर्वास और विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर परेशान हैं। औद्योगिक और शहरी विकास के साथ-साथ किसानों के हितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।

इस पर सीईओ नोएडा श्री कृष्णा करुणेश ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि शीघ्र ही सभी संबंधित अधिकारियों एवं भाकियू पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें किसानों से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे

इस अवसर पर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सुभाष चौधरी, एनसीआर अध्यक्ष परविंदर अवाना, जिला अध्यक्ष अशोक भाटी, वरिष्ठ किसान नेता रविंद्र भगत जी, मनोज त्यागी ‘सुंदर बाबा’, प्रमोद ‘टाइगर’ सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।।