गौतमबुद्धनगर: नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा टला: चलती कार में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
नोएडा।
दो टूक// नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर गुरुवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब दिल्ली से ग्रेटर नोएडा की ओर जा रही एक कार अचानक आग का गोला बन गई। यह सनसनीखेज घटना थाना फेज-1 क्षेत्र के अंतर्गत महामाया फ्लाईओवर के पास हुई, जहाँ चलती कार से अचानक धुआँ उठने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें तेज़ हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार में आग लगते ही चालक ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए तुरंत गाड़ी रोकने की कोशिश की और चलती कार से बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही पलों में कार पूरी तरह आग की चपेट में आ गई और धू-धू कर जलने लगी, जिससे एक्सप्रेसवे पर दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुँची। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
आग लगने के कारण एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने मौके पर मौजूद रहकर ट्रैफिक को नियंत्रित किया और बाद में यातायात को सामान्य कराया।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की बताई जा रही है, हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
इस घटना ने एक बार फिर हाईवे पर वाहन चालकों के लिए सतर्कता और वाहन की नियमित जांच की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।।
