गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-39 पुलिस की सख्त कार्रवाई, अवैध तमंचे के साथ शातिर मोबाइल स्नैचर गिरफ्तार, दो लूटे गए स्मार्टफोन बरामद!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
नोएडा | 06 फरवरी 2026
दो टूक// नोएडा पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत थाना सेक्टर-39 पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान एक शातिर मोबाइल स्नैचर को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार कर उसके कब्जे से स्नैचिंग के दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
थाना सेक्टर-39 पुलिस द्वारा दिनांक 06 फरवरी 2026 को सोम बाजार कट पर संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान अभियुक्त को पकड़ा गया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विकास कुमार पुत्र नीरज, उम्र लगभग 25 वर्ष, निवासी कस्बा एवं थाना डिबाई, जनपद बुलन्दशहर (वर्तमान पता—ग्राम हरौला, थाना फेस-1, नोएडा) के रूप में हुई है।
तलाशी में अवैध हथियार बरामद
पुलिस द्वारा की गई तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा (.315 बोर) तथा स्नैचिंग के दो मोबाइल फोन (एक सैमसंग और एक वीवो कंपनी का) बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, बरामद मोबाइल फोन हाल ही में हुई मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं से संबंधित बताए जा रहे हैं।
आपराधिक इतिहास का खुलासा
जांच के दौरान अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। विकास कुमार पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है। उसके विरुद्ध नोएडा एवं बुलन्दशहर जनपद में विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें अवैध शस्त्र, कानून व्यवस्था भंग करने तथा महामारी अधिनियम के उल्लंघन जैसे मामले शामिल हैं।
दर्ज आपराधिक मुकदमे
- मु0अ0सं0 56/26 — थाना सेक्टर-39, नोएडा (बीएनएस व आयुध अधिनियम)
- मु0अ0सं0 642/25 — थाना डिबाई, बुलन्दशहर (बीएनएस)
- मु0अ0सं0 161/21 — थाना डिबाई, बुलन्दशहर (भादवि व महामारी अधिनियम)
पुलिस का संदेश
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में मोबाइल स्नैचिंग एवं सड़क अपराधों के विरुद्ध सघन अभियान जारी है। अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और आमजन की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।।
