शुक्रवार, 6 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: भारतीय किसान यूनियन के प्रतिनिधि मंडल ने नोएडा प्राधिकरण के नवनियुक्त सीईओ का किया भव्य स्वागत, किसानों की लंबित समस्याओं पर हुई सार्थक चर्चा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: भारतीय किसान यूनियन के प्रतिनिधि मंडल ने नोएडा प्राधिकरण के नवनियुक्त सीईओ का किया भव्य स्वागत, किसानों की लंबित समस्याओं पर हुई सार्थक चर्चा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

नोएडा।
दो टूक:: भारतीय किसान यूनियन के एक प्रतिनिधि मंडल ने आज नोएडा विकास प्राधिकरण के नवनियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) श्री कृष्णा करुणेश का शाल ओढ़ाकर एवं गुलदस्ता भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर किसान प्रतिनिधियों ने क्षेत्र के किसानों से जुड़ी वर्षों से लंबित समस्याओं से सीईओ को अवगत कराया और उनके शीघ्र समाधान की मांग रखी।

प्रतिनिधि मंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए नोएडा विकास प्राधिकरण के सीईओ श्री कृष्णा करुणेश ने भरोसा दिलाया कि बहुत जल्द किसानों के साथ नोएडा प्राधिकरण के समस्त संबंधित अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी लंबित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा कर समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से कराया जाएगा, ताकि किसानों और ग्रामीण जनता को वास्तविक लाभ मिल सके।

भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश प्रवक्ता एवं राष्ट्रीय संगठन महामंत्री श्री पवन खटाना ने कहा कि संगठन सदैव किसानों के हक और अधिकारों की लड़ाई लोकतांत्रिक एवं संवाद के माध्यम से लड़ता रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए सीईओ के नेतृत्व में नोएडा प्राधिकरण किसानों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ समझेगा और सकारात्मक निर्णय लेगा।

वहीं युवा जिला अध्यक्ष श्री ललित चौहान ने कहा कि युवा किसान आज भी अपनी जमीन, रोजगार और विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर चिंतित हैं। यदि प्रशासन और किसान संगठन मिलकर काम करें तो समस्याओं का स्थायी समाधान संभव है।

जिला मीडिया प्रभारी श्री सुनील प्रधान ने बताया कि भारतीय किसान यूनियन किसानों की आवाज को मजबूती से प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करती रहेगी और जब तक समस्याओं का समाधान नहीं होगा, संगठन सतत प्रयास करता रहेगा।

इस अवसर पर पवन खटाना, गजराज भाटी, बेगराज प्रधान, जगत प्रधान, गजेंद्र चौधरी, रॉबिन नागर, ललित चौहान, लाल यादव, सुनील प्रधान, श्री चंद तंवर, अमित डेटा, अमित कुंडिया, अरविंद लोहिया, गुलाब बिछुड़ी, संजू, सोनू सहित बड़ी संख्या में किसान एवं मजदूर उपस्थित रहे ।।