गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा सोसाइटी गोलीकांड: दिल्ली पुलिस के जवान की पिस्टल से गर्लफ्रेंड ने किया आत्महत्या का प्रयास!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// ग्रेटर नोएडा।
दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक हाई-राइज सोसाइटी में गुरुवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवती को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लग गई। घटना थाना बिसरख क्षेत्र की राधा स्काई गार्डन सोसाइटी की है, जहां दिल्ली पुलिस में तैनात एक जवान की लाइसेंसी पिस्टल से उसकी गर्लफ्रेंड ने खुद को गोली मार ली। गंभीर हालत में युवती को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी अस्पताल प्रबंधन की ओर से पुलिस को दी गई, जिसके बाद थाना बिसरख पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने फ्लैट को सील कर फॉरेंसिक टीम को बुलाया है। मामले में दिल्ली पुलिस के जवान को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल को भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना गुरुवार देर रात की है। राधा स्काई गार्डन सोसाइटी के एक फ्लैट में दिल्ली पुलिस में तैनात सिपाही आशीष पवार अपनी गर्लफ्रेंड प्रिया (25) और कुछ दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा था। इसी दौरान आशीष की पत्नी का फोन आ गया, जिसे प्रिया ने उठा लिया। फोन पर बातचीत के दौरान कहासुनी शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे विवाद में बदल गई।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान युवती काफी भावनात्मक और गुस्से में आ गई। इसी आवेश में उसने आशीष की लाइसेंसी पिस्टल उठाई और खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनते ही फ्लैट में मौजूद लोग और आसपास के निवासी मौके पर दौड़े। युवती खून से लथपथ हालत में पड़ी थी, जिसे आनन-फानन में नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी आशीष पवार पहले से शादीशुदा है और उसका अपनी पत्नी से तलाक का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। आशीष और प्रिया पिछले करीब पांच वर्षों से रिलेशनशिप में थे और बीते पांच महीनों से दोनों राधा स्काई गार्डन सोसाइटी में साथ रह रहे थे। घटना के समय फ्लैट में मौजूद अन्य लोगों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है।
एडीसीपी सेंट्रल नोएडा आर. के. गौतम ने बताया कि युवती को गोली लगने की सूचना अस्पताल से प्राप्त हुई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फ्लैट को सील कर दिया है और फॉरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। इस मामले में आत्महत्या के प्रयास और दुष्प्रेरण से संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
थाना बिसरख पुलिस ने आरोपी आशीष पवार पुत्र खिलेंद्र सिंह पवार, निवासी राजनगर एक्सटेंशन गाजियाबाद, को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है। घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी शस्त्र की बरामदगी कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी और पीड़िता आपस में मित्र थे और उनके बीच विवाद के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है।
पुलिस ने पीड़िता के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी है, जो मौके पर पहुंच रहे हैं। फिलहाल युवती की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।।
