गौतमबुद्धनगर:इंश्योरेंस पॉलिसी मैच्योरिटी के नाम पर ठगी करने वाला साइबर अपराधी गिरफ्तार, 2.88 लाख की धोखाधड़ी का खुलासा!!
दो टूक// नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के थाना साइबर क्राइम पुलिस ने इंश्योरेंस पॉलिसी मैच्योर कराने के नाम पर आम लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों को कॉल कर उनकी पॉलिसी मैच्योर होने का झांसा देता था और प्रोसेसिंग फीस व अन्य शुल्क के नाम पर रकम अपने खातों में ट्रांसफर करवा लेता था।
एनसीआरपी पोर्टल की शिकायतों से खुला मामला
पुलिस के अनुसार, 23 फरवरी 2026 को एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज शिकायतों में प्रयुक्त संदिग्ध मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच और लोकल इंटेलिजेंस की सूचना के आधार पर नोएडा से आरोपी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अमन कुमार (27 वर्ष) पुत्र शेषवीर सिंह, निवासी जिला फिरोजाबाद के रूप में हुई है।
जांच में सामने आया कि आरोपी के बैंक खातों के खिलाफ उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र से कुल दो शिकायतें दर्ज हैं। इन खातों में करीब 2.88 लाख रुपये की संदिग्ध धनराशि प्राप्त हुई थी।
ऐसे देता था ठगी को अंजाम
आरोपी बीमा धारकों को कॉल कर खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताता था। वह कहता था कि उनकी इंश्योरेंस पॉलिसी मैच्योर हो चुकी है और राशि जारी कराने के लिए टैक्स, प्रोसेसिंग फीस या पेनल्टी शुल्क जमा करना होगा। जैसे ही पीड़ित बताए गए खाते में रकम ट्रांसफर करता, आरोपी संपर्क तोड़ देता था।
बरामदगी
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से निम्न सामान बरामद किया है—
- 02 मोबाइल फोन
- 01 लैपटॉप
- 10,000 रुपये नकद
- 03 बैंक खातों के स्टेटमेंट (02 एक्सिस बैंक, 01 फेडरल बैंक)
दर्ज हुआ मुकदमा
आरोपी के विरुद्ध थाना साइबर क्राइम में मु0अ0स0 20/2026 के तहत धारा 318(4), 319(2), 61(2) बीएनएस व 66डी आईटी एक्ट में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है और अन्य संभावित पीड़ितों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
साइबर जागरूकता संदेश
साइबर क्राइम थाना पुलिस ने आमजन से अपील की है—
- इंश्योरेंस पॉलिसी मैच्योर कराने के नाम पर यदि कोई अज्ञात व्यक्ति पैसे मांगे तो सतर्क रहें।
- व्हाट्सएप या कॉल पर आए किसी भी फर्जी मैसेज या कॉल पर तुरंत विश्वास न करें।
- संबंधित बैंक या बीमा कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट/कस्टमर केयर से ही जानकारी सत्यापित करें।
पुलिस ने नागरिकों से किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत एनसीआरपी पोर्टल या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।।
