गौतमबुद्धनगर: नोएडा में अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, सेक्टर-20 पुलिस ने तमंचे के साथ युवक को दबोचा!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
नोएडा।
दो टूक:: शहर में अपराध और अवैध हथियारों पर लगाम कसने के उद्देश्य से थाना सेक्टर-20 पुलिस ने एक अहम सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई दिनांक 08 फरवरी 2026 को सेक्टर-27 स्थित तिकोनिया पार्क के पास की गई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शिवा पुत्र मानसिंह के रूप में हुई है, जिसकी उम्र लगभग 23 वर्ष बताई जा रही है। अभियुक्त मूल रूप से गोविन्दपुरी थाना गोविन्दपुरी, साउथ दिल्ली का निवासी है। तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस ने तत्काल अभियुक्त को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ थाना सेक्टर-20 नोएडा में मु0अ0सं0 40/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा अभियुक्त से अवैध हथियार की खरीद-फरोख्त और आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं पर भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। ऐसे अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिससे आम जनता में सुरक्षा का भरोसा बना रहे।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध हथियारों की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
