गौतमबुद्धनगर की तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 205 शिकायतें दर्ज, 10 का मौके पर निस्तारण!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
गौतमबुद्धनगर | 07 फरवरी 2026
दो टूक// जनपद गौतमबुद्धनगर की तीनों तहसीलों—जेवर, दादरी एवं सदर—में शुक्रवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनसामान्य की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना रहा। इस दौरान जनपद भर से कुल 205 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 10 शिकायतों का समाधान मौके पर ही संबंधित अधिकारियों द्वारा कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों के निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
तहसील दादरी में सर्वाधिक शिकायतें, सीडीओ ने दिए सख्त निर्देश
तहसील दादरी में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी ने की। यहां 132 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 07 का तत्काल निस्तारण किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का स्थलीय सत्यापन कर निर्धारित समयसीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बाल विवाह रोकथाम, नशा मुक्ति और मतदाता जागरूकता की दिलाई शपथ
संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन को बाल विवाह रोकथाम, नशा मुक्ति तथा मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई गई।
शपथ के माध्यम से समाज से बाल विवाह जैसी कुप्रथा के उन्मूलन, नशे के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने तथा 18 वर्ष पूर्ण कर चुके युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी दादरी अनुज नेहरा, तहसीलदार दादरी प्रतीक चौहान, पुलिस विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जेवर और सदर तहसील में भी समाधान दिवस का आयोजन
इसी क्रम में तहसील जेवर में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया, जहां 65 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 01 शिकायत का मौके पर निस्तारण किया गया।
वहीं तहसील सदर में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 08 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 02 शिकायतों का समाधान तत्काल कर दिया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शेष सभी शिकायतों का गंभीरता से अनुश्रवण करते हुए समयबद्ध समाधान कराया जाएगा, ताकि आमजन को राहत मिल सके और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर जनता तक पहुंचे।।
