गौतमबुद्धनगर: नोएडा में विज्ञान और नवाचार का उत्सव: पंचशील बालक इंटर कॉलेज में जनपद स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
गौतमबुद्धनगर, 07 फरवरी 2026।
दो टूक// पंचशील बालक इंटर कॉलेज, सेक्टर-91 नोएडा में जनपद स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। यह आयोजन मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह के निर्देशानुसार, जिला समन्वयक शिक्षा विभाग अर्चना शिरोमणि के नेतृत्व में संपन्न हुआ। प्रदर्शनी में नोएडा के विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. सुरेश चंद्र शर्मा, वैज्ञानिक अधिकारी, क्षेत्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी केंद्र, गाजियाबाद द्वारा किया गया। उद्घाटन के पश्चात मुख्य अतिथि एवं निर्णायक समिति के सदस्यों ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी आधारित मॉडलों का अवलोकन किया और उनके नवाचारी प्रयासों की सराहना की।
प्रदर्शनी में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने विज्ञान, तकनीक, पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा संसाधन, स्मार्ट सिस्टम एवं सामाजिक उपयोगिता से जुड़े विषयों पर आधारित कार्यशील (वर्किंग) मॉडल प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल द्वारा प्रत्येक मॉडल का गहन मूल्यांकन किया गया तथा विद्यार्थियों से उनके मॉडलों की कार्यप्रणाली, व्यावहारिक उपयोगिता और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
निर्णायकों ने विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच में स्टार्ट-अप, नवाचार एवं उद्यमिता की व्यापक संभावनाएं देखते हुए उनके प्रयासों की विशेष रूप से सराहना की। कड़ी समीक्षा एवं गहन विचार-विमर्श के पश्चात परिणाम घोषित किए गए।
निर्णायक समिति में
अखिलेश कुमार सिंह (सहायक प्रोफेसर, गलगोटिया यूनिवर्सिटी),
डॉ. योद्धावीर सिंह (एसोसिएट प्रोफेसर एवं डिप्टी एच.ओ.डी, गलगोटिया यूनिवर्सिटी),
डॉ. सी.के. सेठ (पूर्व प्रोफेसर, दिल्ली यूनिवर्सिटी) तथा
ए.के. सिन्हा (पीजीटी फिजिक्स) शामिल रहे। सभी निर्णायक अपने-अपने क्षेत्र के अनुभवी एवं विशेषज्ञ विद्वान रहे।
परिणामों की घोषणा में जे.पी. स्कूल की छात्रा आराध्या वाधवा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान विशाल इंटरनेशनल स्कूल के छात्र आदिश जैन एवं तृतीय स्थान पंचशील बालक इंटर कॉलेज के छात्र मनोज को प्राप्त हुआ। सांत्वना पुरस्कार महामाया बालिका इंटर कॉलेज एवं एस.डी.आर.वी. कान्वेंट स्कूल के विद्यार्थियों को प्रदान किए गए।
विजेता विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया, वहीं प्रदर्शनी में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को भी प्रमाण-पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं निर्णायकों ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को विज्ञान के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने, नवाचार को अपनाने तथा समाज के लिए उपयोगी तकनीकों के विकास हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन सकारात्मक, प्रेरणादायक और उत्साहवर्धक वातावरण के साथ हुआ।
अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. नीरज टंडन ने आयोजकों, सभी अतिथियों, निर्णायकों एवं प्रतिभागी विद्यालयों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस सफल आयोजन में विद्यालय की शिक्षिका कविता सक्सेना, ऋचा, शीतल सिंह, मिस शकीला, शज़ीनत तथा शिक्षक महेश्वर, आशा, नयाल, कुलदीप पाठक एवं चंदन कुमार की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।।
