लखनऊ :
बंद घर का तोड़कर चोरी करने वाला गिरफ्तार,चोरी का माल बरामद।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना गोसाईगंज क्षेत्र साहनटोला कस्बा में बंद घर का दरवाजा तोड़कर चोरी करने वाले शातिर युवक को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर उसके पास चोरी का जेवरात एवं नगदी बरामद किया। पुलिस ने गिरफ्तार चोर के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।
विस्तार :
पुलिस के अनुसार स्थानीय थाना क्षेत्र गोसाईगंज कस्बा के साहनटोला निवासी पंकज गुप्ता पुत्र स्व० जयनारायण गुप्ता ने दिनांक 06.02.2026 को थाना स्थानीय पर तहरीर देते हुए सूचना दी कि 5 फरवरी को वह अपने परिवार के साथ वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जनपद कानपुर गये हुए थे। जब वह दिनांक 06.02.2026 को वापस घर आये तो उनको घर का दरवाजा टूटा हुआ मिला एवं घर के अन्दर सामान बिखरा हुआ था। चोरी की जानकारी होने पर वादी मुकदमा के द्वारा सीसीटीवी कैमरा चेक किया गया तो पड़ोस का रहने वाला सूरज मिश्रा पुत्र लालजी मिश्रा निवासी मातनटोला कस्बा व थाना गोसाईगंज लखनऊ घर के अन्दर चोरी करते हुए दिखायी दिया।
पुलिस ने पीडित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवक की तलाश शुरु कर दी मुखबिर खास की सूचना पर सूरज मिश्रा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की 01 जोड़ी पायल व 720/- रुपये नगद बरामद हुए, जिसके फलस्वरूप उक्त अभियोग में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गयी।
पूछताछ में अभियुक्त के द्वारा बताया गया कि वह नशा करने का आदी है और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिये चोरी करता है। अभियुक्त के विरुद्ध थाना गोसाईगंज में 08 मुकदमे एवं थाना चिनहट में 01 मुकदमा कुल 09 मुकदमे पंजीकृत हैं। आवश्यक विधिक कार्यवाही करते हुए अभियुक्त को जेल भेजा गया है।
●गिरफ्तार का विवरण-
01- सूरज मिश्रा पुत्र लालजी मिश्रा निवासी मातनटोला कस्बा व थाना गोसाईगंज लखनऊ उम्र 30 वर्ष
●पंजीकृत अभियोगः -
01-मु0अ0सं0 48/26 धारा 331(4)/305(ए)/317(2) बीएनएस थाना गोसाईगंज, लखनऊ
●बरामदगी का विवरण:- एक जोड़ी पायल (सफेद धातु), नगद 720/- रुपये बरामद हुआ है।
