शनिवार, 7 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: महाशिवरात्रि से पहले पुलिस सतर्क: एसीपी सार्थक सैंगर ने भाईपुरा मंदिर क्षेत्र में किया सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का निरीक्षण!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: महाशिवरात्रि से पहले पुलिस सतर्क: एसीपी सार्थक सैंगर ने भाईपुरा मंदिर क्षेत्र में किया सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का निरीक्षण!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// गौतमबुद्धनगर।
आगामी महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन एवं डीसीपी/एडीसीपी ग्रेटर नोएडा के पर्यवेक्षण में एसीपी-4 ग्रेटर नोएडा श्री सार्थक सैंगर द्वारा थाना रबूपुरा क्षेत्र अंतर्गत स्थित प्रसिद्ध भाईपुरा मंदिर एवं उसके आसपास के इलाकों में पुलिस बल के साथ फुट पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान एसीपी सार्थक सैंगर ने मंदिर परिसर, श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले मार्गों, पार्किंग स्थल एवं आसपास के संवेदनशील बिंदुओं का जायजा लिया। साथ ही मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों एवं स्थानीय लोगों के साथ गोष्ठी आयोजित कर पर्व के दौरान संभावित भीड़, यातायात प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

एसीपी द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं मंदिर कमेटी को पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के लिए अतिरिक्त लाइटें लगाने, मंदिर एवं आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूर्व तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर पुलिस द्वारा लगातार गश्त, निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाएगा ताकि श्रद्धालु निर्भय होकर पूजा-अर्चना कर सकें।

पुलिस प्रशासन ने आमजन से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें और पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने में प्रशासन का सहयोग करें।।