योगी सरकार की बड़ी उपलब्धि: प्रदेश के सभी 17 हवाई अड्डे अब दो लेन सड़कों से जुड़े, आवागमन हुआ तेज और सुरक्षित!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// लखनऊ | 05 फरवरी, 2026
उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विश्वस्तरीय आधारभूत संरचना के निर्माण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की गई है। प्रदेश के सभी संचालित 17 हवाई अड्डों को दो लेन सड़कों से जोड़ने का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है, जिससे हवाई यात्रा के साथ-साथ सड़क कनेक्टिविटी भी कहीं अधिक सुगम, सुरक्षित और प्रभावी हो गई है।
प्रदेश सरकार के दूरदर्शी विज़न और मजबूत नेतृत्व के परिणामस्वरूप उत्तर प्रदेश में वायु, सड़क, रेल और जल परिवहन के समन्वित नेटवर्क का तेज़ी से विकास हुआ है। इससे न केवल उद्योगों और मैन्युफैक्चरिंग इकाइयों को अपने उत्पाद देश-विदेश के बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा मिल रही है, बल्कि पर्यटन को भी उल्लेखनीय बढ़ावा मिला है। उत्तर प्रदेश आज देश की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है।
प्रदेश में 7 आधुनिक एक्सप्रेसवे के निर्माण से क्षेत्रीय परिवहन व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव आया है। इसी क्रम में लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा प्रदेश के 17 एयरपोर्ट टर्मिनलों को दो लेन सड़कों से जोड़ने की महत्वाकांक्षी योजना को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से धरातल पर उतारा गया।
लोक निर्माण विभाग ने इस परियोजना में सड़क चौड़ीकरण, मजबूत एवं टिकाऊ निर्माण, समुचित ड्रेनेज सिस्टम, सड़क संकेतक, स्ट्रीट लाइटिंग और यातायात सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा है। इसके चलते अब हवाई अड्डों तक पहुंच पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान और सुरक्षित हो गई है।
प्रदेश के 10 हवाई अड्डे पहले से ही दो लेन सड़क कनेक्टिविटी से जुड़े हुए थे, जिनका रखरखाव और सुदृढ़ीकरण लगातार किया जा रहा है। इनमें आगरा, झांसी, गाजियाबाद, बरेली, अयोध्या, गाजीपुर, मेरठ, मुरादाबाद, प्रयागराज और श्रावस्ती शामिल हैं। इन क्षेत्रों में बेहतर सड़क सुविधा से यात्रियों को निर्बाध आवागमन मिला है और यातायात दबाव में भी कमी आई है।
वहीं, लोक निर्माण विभाग द्वारा अलीगढ़, चित्रकूट, सोनभद्र, आजमगढ़, सहारनपुर, कुशीनगर और कानपुर स्थित कुल 7 हवाई अड्डों तक दो लेन सड़क कनेक्टिविटी का कार्य अब पूर्ण कर लिया गया है। इन परियोजनाओं से संबंधित जनपदों में आवागमन सुगम हुआ है और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिली है।
विशेष रूप से अयोध्या, कुशीनगर, चित्रकूट और श्रावस्ती जैसे प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से पर्यटन को बढ़ावा मिला है, वहीं उद्योग, व्यापार और निवेश के नए अवसर भी सृजित हुए हैं। इन सड़कों के निर्माण से यातायात सुरक्षा में सुधार के साथ दुर्घटनाओं में भी कमी आने की संभावना है।
प्रदेश के सभी 17 एयरपोर्ट टर्मिनलों को दो लेन सड़कों से जोड़ने का कार्य लोक निर्माण विभाग की तकनीकी दक्षता, कार्यकुशलता और प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है। उत्तर प्रदेश सरकार के सतत प्रयासों से यह परियोजना न केवल हवाई परिवहन को मजबूती दे रही है, बल्कि राज्य को आधुनिक, सशक्त और विकसित इंफ्रास्ट्रक्चर वाला प्रदेश बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हो रही है।।
