गुरुवार, 5 फ़रवरी 2026

योगी सरकार की बाढ़ पर निर्णायक जीत: 1,876 बाढ़ परियोजनाओं से 35 करोड़ से अधिक आबादी को सुरक्षा, लाखों हेक्टेयर भूमि सुरक्षित!!

शेयर करें:

योगी सरकार की बाढ़ पर निर्णायक जीत: 1,876 बाढ़ परियोजनाओं से 35 करोड़ से अधिक आबादी को सुरक्षा, लाखों हेक्टेयर भूमि सुरक्षित!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

लखनऊ | 05 फरवरी, 2026

दो टूक// प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में ऐतिहासिक कार्य करते हुए सिंचाई विभाग के माध्यम से अब तक 1,876 बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं का निर्माण पूरा किया है। इन परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश की 357.83 लाख (करीब 35.78 करोड़) आबादी को बाढ़ के खतरे से स्थायी राहत मिली है, वहीं 43.25 लाख हेक्टेयर से अधिक भूमि को सुरक्षित किया गया है।

उत्तर प्रदेश में हर वर्ष मानसून के दौरान नेपाल से आने वाली नदियों एवं सीमावर्ती राज्यों के कारण बाढ़ की गंभीर स्थिति उत्पन्न होती रही है। औसतन 40 जनपद बाढ़ की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील माने जाते हैं। लेकिन बीते कुछ वर्षों में योगी सरकार द्वारा अपनाए गए पारदर्शी, समयबद्ध और केन्द्रीयकृत दृष्टिकोण के चलते बाढ़ से होने वाली क्षति में उल्लेखनीय कमी आई है।

सिंचाई विभाग ने बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं की स्वीकृति से लेकर बजट प्रबंधन और कार्यों के क्रियान्वयन तक एक नई कार्य संस्कृति स्थापित की है। गुणवत्ता और पारदर्शिता को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समयसीमा में परियोजनाओं को पूर्ण किया गया, जिससे बाढ़ की विभीषिका को न्यूनतम स्तर तक सीमित किया जा सका।

वर्षवार उपलब्धियां बनीं सुरक्षा की मजबूत ढाल

प्रदेश सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2018-19 में 111 बाढ़ परियोजनाएं पूर्ण की गईं, जिससे 1.88 लाख हेक्टेयर क्षेत्र और 22.03 लाख आबादी लाभान्वित हुई।
2019-20 में 151 परियोजनाओं से 2.88 लाख हेक्टेयर क्षेत्र और 27.44 लाख आबादी को सुरक्षा मिली।
2020-21 में 196 परियोजनाओं के माध्यम से 5.01 लाख हेक्टेयर क्षेत्र और 49.58 लाख आबादी को लाभ मिला।
2021-22 में 167 बाढ़ परियोजनाओं से 10.90 लाख हेक्टेयर क्षेत्र और 46.26 लाख आबादी सुरक्षित हुई।
2022-23 में 283 परियोजनाओं द्वारा 3.64 लाख हेक्टेयर भूमि और 33.20 लाख आबादी को बाढ़ से राहत दी गई।

वहीं 2023-24 में 362 बाढ़ परियोजनाएं पूर्ण कर 10.79 लाख हेक्टेयर क्षेत्र और 68.97 लाख आबादी को लाभ पहुंचाया गया।
2024-25 में 321 परियोजनाओं से 4.97 लाख हेक्टेयर भूमि और 60.45 लाख आबादी सुरक्षित हुई।
जबकि 2025-26 में अब तक 285 बाढ़ परियोजनाएं पूर्ण कर 3.90 लाख हेक्टेयर क्षेत्र और 49.90 लाख आबादी को बाढ़ से बचाया गया है।

छोटी गंडक नदी को मिला नया जीवन

प्रदेश की छोटी गंडक नदी, जो नेपाल से जनपद महाराजगंज में प्रवेश करने के बाद लगभग 10 किलोमीटर की लंबाई में मृतप्राय हो चुकी थी, उसे सिंचाई विभाग द्वारा व्यापक सफाई अभियान के माध्यम से पुनर्जीवित किया गया।
नदी के मूल स्वरूप में लौटने से वर्षाकाल में जल निकासी सुचारू हुई, जिससे 22 ग्रामों की 1,950 हेक्टेयर भूमि और लगभग 48,500 आबादी को जलभराव से स्थायी राहत मिली है।

जलभराव समाप्त होने से जलजनित बीमारियों में भी कमी आई है। साथ ही नदी में जल की उपलब्धता बढ़ने से फसलों की सिंचाई, पशुओं के लिए पेयजल और जीव-जंतुओं के संरक्षण को भी मजबूती मिली है।

विकास के साथ सुरक्षा की मजबूत नींव

योगी सरकार की यह पहल न केवल बाढ़ नियंत्रण तक सीमित है, बल्कि यह किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण जीवन को सुरक्षित बनाने और प्रदेश के सतत विकास की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हो रही है। बाढ़ से मुक्त क्षेत्रों में खरीफ फसलों की पैदावार में वृद्धि दर्ज की जा रही है, जिससे प्रदेश की कृषि अर्थव्यवस्था को भी बल मिला है।।