गुरुवार, 5 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आईजीआरएस समीक्षा बैठक, असंतोषजनक फीडबैक पर दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आईजीआरएस समीक्षा बैठक, असंतोषजनक फीडबैक पर दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

गौतमबुद्धनगर, 05 फरवरी 2026।
दो टूक// जनशिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अतुल कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस (इंटीग्रेटेड ग्रीवेंस रिड्रेसल सिस्टम) की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान असंतुष्ट फीडबैक तथा स्पेशल क्लोज किए गए प्रकरणों की विभागवार एवं प्रकरणवार गहन समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिन विभागों में लगातार असंतोषजनक फीडबैक सामने आएगा अथवा बिना उचित श्रेणी चयन के प्रकरणों को स्पेशल क्लोज किया जाएगा, ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, ऐसे प्रकरणों की आख्या माननीय मुख्यमंत्री कार्यालय को भी प्रेषित की जाएगी।

उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत के निस्तारण से पूर्व शिकायतकर्ता से अनिवार्य रूप से दूरभाष पर वार्ता की जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर स्थलीय निरीक्षण भी सुनिश्चित किया जाए। निस्तारण आख्या के साथ शिकायतकर्ता एवं प्रतिपक्षी के बयान तथा आवश्यक साक्ष्य संलग्न करना अनिवार्य होगा, ताकि शिकायत निस्तारण की गुणवत्ता एवं विश्वसनीयता बनी रहे।

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता दर्शन के दौरान प्रतिदिन प्राप्त होने वाली शिकायतों को समय से आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज कर उनकी नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता सहित समस्त संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।।