गुरुवार, 5 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में 38वें बसंत उत्सव की तैयारियाँ जोरों पर, 19 से 22 फरवरी तक सजेगी अंतरराष्ट्रीय पुष्प प्रदर्शनी!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में 38वें बसंत उत्सव की तैयारियाँ जोरों पर, 19 से 22 फरवरी तक सजेगी अंतरराष्ट्रीय पुष्प प्रदर्शनी!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा प्राधिकरण की स्थापना के उपरांत बीते 37 वर्षों से शहर को हरा-भरा, स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से नोएडा प्राधिकरण के उद्यान विभाग द्वारा बसंत उत्सव के रूप में अंतरराष्ट्रीय स्तर की पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन किया जाता रहा है। यह उत्सव न केवल हरियाली और सौंदर्य को बढ़ावा देता है, बल्कि आमजन में पेड़-पौधों और फूलों के प्रति प्रेम, संरक्षण और पर्यावरणीय जागरूकता का सशक्त संदेश भी देता है।

नोएडा शहर सहित आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को हर वर्ष आयोजित होने वाले इस प्रतिष्ठित बसंत उत्सव का बेसब्री से इंतजार रहता है। रंग-बिरंगे फूलों, आकर्षक पुष्प सज्जा और नवाचारों से सजा यह आयोजन शहर की पहचान बन चुका है।

इसी क्रम में वर्ष 2026 में 38वां बसंत उत्सव पुष्प प्रदर्शनी चार दिवसीय आयोजन के रूप में 19, 20, 21 एवं 22 फरवरी 2026 को आयोजित किया जाएगा। नोएडा प्राधिकरण, शहर के निवासियों, औद्योगिक इकाइयों एवं विभिन्न संस्थानों के सहयोग से उद्यान विभाग इस भव्य आयोजन की तैयारियों में पूरी तरह जुटा हुआ है।

आगामी कार्यक्रमों, आयोजन की रूपरेखा एवं अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों से मीडिया को अवगत कराने के उद्देश्य से दिनांक 06 फरवरी 2026 को प्रातः 11:30 बजे नोएडा सेक्टर-6 स्थित बोर्ड रूम सभागार में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। इस प्रेस वार्ता की अध्यक्षता अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीमती वंदना त्रिपाठी महोदया करेंगी।

नोएडा प्राधिकरण ने सभी सम्मानित इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया बंधुओं से अनुरोध किया है कि वे समय से उपस्थित होकर इस महत्वपूर्ण आयोजन की जानकारी साझा करने में सहयोग प्रदान करें।।