रविवार, 25 जनवरी 2026

मऊ :डूडा इंजीनियर गिरफ्तार, शादी का झांसा देकर सहकर्मी से यौन शोषण का आरोप।||Mau:DUDA engineer arrested, accused of sexually exploiting a colleague after promising marriage.||

शेयर करें:
मऊ :
डूडा इंजीनियर गिरफ्तार, शादी का झांसा देकर सहकर्मी से यौन शोषण का आरोप।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : जनपद मऊ के डूडा (जिला शहरी विकास अभिकरण) कार्यालय में तैनात एक इंजीनियर को सहकर्मी के साथ शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान अंकित सिंह पुत्र रमेश कुमार सिंह के रूप में हुई है, जिसे थाना सरायलखंसी पुलिस ने गिरफ्तार किया।

पीड़िता द्वारा थाना सरायलखंसी में दर्ज कराई गई तहरीर के अनुसार, वर्ष 2023 में आरोपी अंकित सिंह ने उससे शादी का वादा किया था। इसी भरोसे पर उसने पीड़िता के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। बाद में जब पीड़िता ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने शादी से साफ इनकार कर दिया। खुद को ठगा हुआ महसूस करने पर पीड़िता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोप सही पाए जाने पर अभियुक्त अंकित सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी मूल रूप से जनपद चंदौली के कोरारी गांव का निवासी है और वर्तमान में थाना सरायलखंसी क्षेत्र के मोहन ग्रीन स्ट्रीट,चांदमारी इमलिया में रह रहा था।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि अंकित सिंह पिछले पांच वर्षों से मऊ जिले के डूडा कार्यालय में सीएलटीसी पद पर कार्यरत था।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मऊ इलामारन के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। कार्रवाई का पर्यवेक्षण अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने किया, जबकि क्षेत्राधिकारी नगर कृष्ण राजपूत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गिरफ्तारी को अंजाम दिया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।