शुक्रवार, 30 जनवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: कृभको के सहकारी सशक्तिकरण अभियान में गूंजा जैविक खेती का संदेश, किसानों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: कृभको के सहकारी सशक्तिकरण अभियान में गूंजा जैविक खेती का संदेश, किसानों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

गौतम बुद्ध नगर, 30 जनवरी 2026।
दो टूक// जनपद गौतम बुद्ध नगर में सहकारिता और कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए कृभको (कृषि बहुउद्देशीय सहकारी संस्था) द्वारा विकास भवन सभागार में सहकारी सशक्तिकरण अभियान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिले के समस्त कृषि अधिकारी, एडीसीओ, एडीओ तथा लगभग 30 बहुउद्देशीय सहकारी समितियों के सचिवों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग, जैविक खेती को बढ़ावा देने तथा कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप सिंह परमेश ने अपने संबोधन में रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक प्रयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए किसानों को जैविक खेती अपनाने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संतुलित उर्वरक उपयोग से जहां भूमि की उर्वरता बनी रहती है, वहीं किसानों की लागत भी कम होती है।

वहीं विशिष्ट अतिथि उप कृषि निदेशक राजीव कुमार ने किसानों को अनुदानित उर्वरकों के सही और वैज्ञानिक उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसानों को किसी भी स्थिति में गैर-अनुदानित उर्वरक खरीदने के लिए बाध्य न किया जाए और उन्हें सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ दिलाया जाए।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. महेश कुमार (नोवोनेसिस प्रतिनिधि) ने कृभको रिजोसुपर माइकोराइजा के उपयोग, उसके लाभ और फसल उत्पादन पर उसके सकारात्मक प्रभाव के विषय में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही किसानों के लिए निःशुल्क मिट्टी परीक्षण एवं फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया को भी सरल भाषा में समझाया गया, जिससे उपस्थित अधिकारियों और सचिवों को जमीनी स्तर पर किसानों को जागरूक करने में सुविधा मिले।

कार्यक्रम का संचालन एडीओ को-ऑपरेटिव आलोक रंजन द्वारा किया गया। उन्होंने सहकारिता क्षेत्र में चल रही विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए सभी सचिवों से अपील की कि वे गांव-गांव जाकर किसानों को नई तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दें, ताकि अधिक से अधिक किसान लाभान्वित हो सकें।

इस अवसर पर कृषि विभाग के श्री यतीश शर्मा ने उर्वरक वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पीओएस मशीन के माध्यम से 100 प्रतिशत बिक्री सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्रणाली से न केवल रिकॉर्ड सुरक्षित रहता है बल्कि अनियमितताओं पर भी रोक लगती है।

कार्यक्रम के अंत में सभी मंचासीन अधिकारियों ने कृभको की इस पहल की सराहना की और इसे किसानों के हित में एक सराहनीय कदम बताया। कृभको की ओर से उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उपहार भेंट कर सम्मानित भी किया गया।।