गौतमबुद्धनगर: 10 रुपये के किराए पर बवाल: दबंग ने ई-रिक्शा चालक को पीटा, दरोगा आकाश सिंह ने 500 मीटर दौड़कर आरोपी को दबोचा!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// नोएडा के सेक्टर-12/22 क्षेत्र में मामूली किराए के विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया जब एक दबंग युवक ने ई-रिक्शा चालक पर हमला कर दिया। हालांकि पुलिस की सतर्कता और सब-इंस्पेक्टर आकाश सिंह की त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी को भागने से पहले ही पकड़ लिया गया। इस साहसिक कार्रवाई की स्थानीय लोगों द्वारा काफी सराहना की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार एक ई-रिक्शा चालक एक युवक को सवारी के रूप में लेकर सेक्टर-12/22 पुलिस चौकी पहुंचा था। चालक का आरोप था कि युवक ने सफर पूरा करने के बाद तय किराया देने से इनकार कर दिया और महज 10 रुपये देने की बात कहकर विवाद करने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई।
बताया जाता है कि चौकी पर मौजूद पुलिसकर्मियों के सामने ही आरोपी युवक अचानक उग्र हो गया और उसने ई-रिक्शा चालक पर हमला कर दिया। दबंग युवक ने चालक के साथ मारपीट करते हुए उसे घायल कर दिया, जिससे उसका चेहरा लहूलुहान हो गया। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद आरोपी बेखौफ नजर आया और वारदात के तुरंत बाद वहां से भागने की कोशिश करने लगा।
घटना को देखते ही चौकी पर तैनात सब-इंस्पेक्टर आकाश सिंह ने बिना समय गंवाए तुरंत कार्रवाई की। आरोपी को भागता देख उन्होंने उसका पीछा किया और करीब 500 मीटर तक दौड़ लगाकर उसे पकड़ लिया। पुलिस की इस फिल्मी अंदाज में की गई कार्रवाई को देखकर मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि हमले में घायल ई-रिक्शा चालक को तुरंत मेडिकल परीक्षण और उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। यह पूरा मामला थाना सेक्टर-24 क्षेत्र का बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सब-इंस्पेक्टर आकाश सिंह ने जिस तत्परता और साहस के साथ आरोपी को पकड़कर कानून के हवाले किया, वह काबिले-तारीफ है। लोगों का मानना है कि ऐसे जिम्मेदार और मुस्तैद पुलिस अधिकारी आम जनता में सुरक्षा और भरोसे की भावना को मजबूत करते हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
