गौतमबुद्धनगर: नोएडा में सफाई व्यवस्था पर प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई: 100 कर्मचारी हटाए, 15 ठेकेदार कंपनियों को नोटिस; विरोध में मजदूरों का सड़क जाम!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// नोएडा। शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने बड़ा और सख्त कदम उठाया है। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कृष्णा करुणेश के निर्देश पर सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले करीब 100 कर्मचारियों को सेवा से हटा दिया गया है। इसके साथ ही शहर में सफाई का जिम्मा संभाल रही 15 ठेकेदार कंपनियों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
प्राधिकरण की इस कार्रवाई के बाद सफाई कर्मचारियों में नाराजगी देखने को मिली। शुक्रवार को सेक्टर-95 स्थित दलित प्रेरणा स्थल के बाहर बड़ी संख्या में सफाई मजदूर एकत्र हुए और प्राधिकरण के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दी। इस दौरान आसपास के क्षेत्रों में यातायात भी प्रभावित हुआ और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर सख्त रुख
नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो कर्मचारी अपने कार्य के प्रति गंभीर नहीं हैं, उन्हें तत्काल प्रभाव से हटाया जाए। साथ ही जिन ठेकेदार कंपनियों को सफाई का जिम्मा सौंपा गया है, यदि वे व्यवस्था संभालने में असफल रहती हैं तो उन पर भारी जुर्माना लगाने के साथ-साथ ब्लैकलिस्ट भी किया जाएगा।
इन्हीं निर्देशों के बाद अधिकारियों ने इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर (ICCC) की निगरानी के आधार पर कार्रवाई करते हुए लगभग 100 कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दीं और सफाई से जुड़ी 15 कंपनियों को नोटिस जारी किया।
कार्रवाई के बाद ठेकेदारों में मचा हड़कंप
प्राधिकरण की सख्ती के बाद ठेकेदार कंपनियों में हड़कंप की स्थिति बन गई। सफाई व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए ठेकेदारों ने तत्काल करीब 150 नए कर्मचारियों को बाहर से बुलाकर शहर में सफाई कार्य शुरू करा दिया।
वहीं सफाई कर्मियों के प्रतिनिधियों ने अधिकारियों से वार्ता की मांग की, लेकिन प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों और महाप्रबंधकों ने फिलहाल बातचीत से इनकार कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि पहले सभी कर्मचारी बिना किसी शर्त के काम पर लौटें, उसके बाद ही किसी तरह की बैठक कर उनकी समस्याओं पर चर्चा की जाएगी।
दलित प्रेरणा स्थल पर मजदूरों का प्रदर्शन
प्राधिकरण की कार्रवाई के विरोध में शुक्रवार को सेक्टर-95 स्थित दलित प्रेरणा स्थल के बाहर सैकड़ों सफाई मजदूरों ने एकत्र होकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने स्वास्थ्य विभाग और ठेकेदार कंपनियों पर शोषण के गंभीर आरोप लगाए और नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर दी।
इस दौरान सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
वेतन और सुविधाओं को लेकर लगाए आरोप
प्रदर्शन कर रहे मजदूरों का आरोप है कि उन्हें लंबे समय से समय पर वेतन नहीं दिया जा रहा है और ठेकेदार मनमानी कर रहे हैं। इसके साथ ही काम का दबाव लगातार बढ़ाया जा रहा है, लेकिन उन्हें पर्याप्त सुविधाएं और सुरक्षा उपकरण भी उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। मजदूरों का कहना है कि कई बार अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।
प्राधिकरण ने दी कड़ी चेतावनी
इस पूरे मामले पर महाप्रबंधक (सिविल) एसपी सिंह ने कहा कि सफाई कर्मचारियों का वेतन ठेकेदारों के माध्यम से दिया जाता है और उन्हें साफ निर्देश दिए गए हैं कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सफाई कार्य में कमी पाई गई तो संबंधित ठेकेदार कंपनियों पर प्रतिदिन भारी जुर्माना लगाया जाएगा।
प्राधिकरण का कहना है कि शहर की स्वच्छता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जाएंगे।
