शुक्रवार, 13 मार्च 2026

गोण्डा- फार्मर रजिस्ट्री, अंश निर्धारण, चकमार्ग एवं सार्वजनिक भूमि सीमांकन के साथ-साथ जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं के प्रगति की डीएम ने की गहन समीक्षा

शेयर करें:
गोण्डा- जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में तहसील मनकापुर के विकास कार्यों एवं राजस्व संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में तहसील मनकापुर के समस्त खण्ड विकास अधिकारी, लेखपाल, राजस्व निरीक्षक तथा ग्राम पंचायत सचिव उपस्थित रहे। बैठक के दौरान फार्मर रजिस्ट्री, अंश निर्धारण, चकमार्ग एवं सार्वजनिक भूमि सीमांकन के साथ-साथ जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित ग्राम पंचायतों के ग्राम पंचायत सचिवों एवं लेखपालों से फार्मर रजिस्ट्री की स्थिति की विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि फार्मर रजिस्ट्री का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर शतप्रतिशत पूर्ण किया जाए, जिससे किसानों के अभिलेखों का डिजिटलीकरण एवं सत्यापन समय से सुनिश्चित हो सके।
इसके अतिरिक्त बैठक में गांवों में चकमार्ग तथा सार्वजनिक भूमि के सीमांकन की भी समीक्षा की गई। 
जिलाधिकारी ने कहा कि चकमार्ग एवं सार्वजनिक भूमि का स्पष्ट सीमांकन ग्रामीण विकास एवं सार्वजनिक उपयोग की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
बैठक के दौरान जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं की स्थिति पर भी विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत सचिवों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने ग्राम पंचायतों में चल रही जल जीवन मिशन की परियोजनाओं का भौतिक सत्यापन कर स्पष्ट आख्या प्रस्तुत करें। आख्या में यह उल्लेख किया जाए कि परियोजना किस अवस्था में है, उसका कार्य पूर्ण हुआ है या नहीं तथा उसका संचालन सुचारू रूप से हो रहा है या नहीं।
जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित ग्राम पंचायत सचिवों एवं लेखपालों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि 15 दिवस के भीतर फार्मर रजिस्ट्री, अंश निर्धारण, चकमार्ग एवं सार्वजनिक भूमि सीमांकन तथा जल जीवन मिशन से संबंधित सभी कार्य शतप्रतिशत पूर्ण किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित समयावधि के भीतर कार्य पूर्ण न होने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा प्रगति की रिपोर्ट समय-समय पर प्रस्तुत की जाए, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।
बैठक के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी श्रीमती रिंकी जायसवाल, जिला विकास अधिकारी एसके श्रीवास्तव, जिला पंचायत अधिकारी लालजी दुबे, उपनिदेशक कृषि पीके ठाकुर, एसडीओ कृषि शिवशंकर चौधरी, खंड विकास अधिकारी मनकापुर, बभनजोत तथा छपिया सहित अन्य सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।