सोमवार, 26 जनवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: 77वें गणतंत्र दिवस पर भाकियू की भव्य ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा, किसानों ने दिखाई एकता और अनुशासन की मिसाल!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: 77वें गणतंत्र दिवस पर भाकियू की भव्य ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा, किसानों ने दिखाई एकता और अनुशासन की मिसाल!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

— अशोक भाटी के नेतृत्व में नोएडा से ग्रेटर नोएडा तक गूंजा ‘जय जवान–जय किसान’

नोएडा/ग्रेटर नोएडा।
दो टूक:: 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर संयुक्त किसान मोर्चा एवं भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के आह्वान पर किसानों द्वारा विशाल ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा शिव मंदिर सलारपुर से गुर्जर सम्राट मिहिर भोज चौक, सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन नोएडा से भाकियू जिलाध्यक्ष अशोक भाटी के नेतृत्व में ध्वजारोहण के साथ विधिवत रूप से प्रारंभ हुई।

यात्रा जिलाधिकारी कार्यालय सूरजपुर होते हुए परी चौक से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पहुंची, जहां से आगे नोएडा जिलाध्यक्ष अशोक भाटी एवं दादरी जिलाध्यक्ष मनोज मावी के संयुक्त नेतृत्व में केजीपी सिरसा रामपुर टोल तक यात्रा निकाली गई। यात्रा का समापन एनसीआर अध्यक्ष परविंदर अवाना के नेतृत्व में शांतिपि गरिमा के साथ संपन्न हुआ।

इस अवसर पर हाइड्रा, जेसीबी, डीजे और दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख ट्रैक्टर संचालक राधे गुर्जर सहित सैकड़ों ट्रैक्टरों की भव्य मानव श्रृंखला देखने को मिली। देशभक्ति गीतों, तिरंगे से सजे ट्रैक्टरों और “जय जवान, जय किसान” के नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो गया। युवा, किसान और महिलाएं उत्साह के साथ यात्रा में शामिल रहे।

यात्रा के दौरान स्वयंसेवकों (वॉलिंटियर्स) द्वारा यातायात व्यवस्था को पूरी तरह सुचारू बनाए रखा गया, जिससे भाकियू की अनुशासन, सभ्यता और संगठनात्मक क्षमता का परिचय मिला। आमजन ने भी इस यात्रा की सराहना की।

अशोक भाटी बोले— यह यात्रा किसानों की जीत, एकता और संघर्ष का प्रतीक

भाकियू जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने कहा कि वर्ष 2021 में तीन कृषि कानूनों के खिलाफ 13 महीने तक दिल्ली बॉर्डर पर चले ऐतिहासिक किसान आंदोलन के बाद कानूनों की वापसी किसानों की बड़ी जीत थी। उसी विजय के उपलक्ष्य में तब दिल्ली में सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ तिरंगा यात्रा निकाली गई थी।
“तभी से हर वर्ष 26 जनवरी को इस ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा को विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह यात्रा किसानों की एकता, जागरूकता और लोकतांत्रिक अधिकारों की शक्ति को दर्शाती है,” उन्होंने कहा।

अशोक भाटी ने सरकार पर बेरोजगारी और गलत नीतियों के कारण किसानों को लगातार आंदोलनों के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया। उन्होंने किसानों के हित में लाभकारी योजनाएं लागू करने, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी और अन्य लंबित मांगों को लेकर सरकार से ठोस कदम उठाने की अपील की। साथ ही उन्होंने किसानों से जुड़े मामलों में प्रभावी प्रशासनिक व्यवस्था की भी मांग रखी।

प्रशासन और कार्यकर्ताओं का जताया आभार

ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा के सफल आयोजन पर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने पुलिस प्रशासन, एलआईयू तथा भाकियू के समस्त पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से चरनसिंह भाटी, जोगिंदर भड़ाना, विजेंद्र भड़ाना, मदन भाटी, सचिन भाटी, कालूराम भाटी, संजय फौजी, संजय भाटी, सिंहराज गुर्जर, श्रीपाल कसाना, रविंद्र भगत जी, कंवर सिंह चपराना, मनोज शर्मा, आज़ाद सैफी, अमित नागर, सुमित कसाना, श्री पहलवान, मनवीर भाटी, महिपाल भाटी, नितिन भाटी, अनित भाटी, रोहित भाटी, नीतीश भाटी, अजय गुर्जर, पार्थ गुर्जर सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।।