गौतमबुद्धनगर में 77वां गणतंत्र दिवस भव्यता से संपन्न, जिलाधिकारी मेधा रूपम ने किया ध्वजारोहण!!
संविधान के प्रति निष्ठा की दिलाई शपथ, शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को किया गया सम्मानित
गौतमबुद्धनगर | 26 जनवरी, 2026
दो टूक:: जनपद गौतमबुद्धनगर में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे गरिमा, उत्साह और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी मेधा रूपम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में ध्वजारोहण किया गया। इसके उपरांत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ सामूहिक राष्ट्रगान गाया गया, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से गूंज उठा।
ध्वजारोहण कार्यक्रम के पश्चात जिलाधिकारी मेधा रूपम ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारत के संविधान के प्रति निष्ठा, ईमानदारी एवं कर्तव्यपरायणता की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा के साथ करते हुए जनसेवा को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय शिवनारायण गुप्ता की पुत्री संध्या गोयल, नायब सूबेदार रणजीत सिंह, वारंट ऑफिसर देवराज सिंह नागर तथा कारगिल शहीद स्वर्गीय नरेंद्र भाटी की धर्मपत्नी सुरेश देवी को पुष्पमाला एवं शाल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके अतुलनीय योगदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण को नमन करते हुए भावपूर्ण स्मरण किया गया।
छात्र-छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
समारोह में धर्म पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। इन मनमोहक प्रस्तुतियों को उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा।
संविधान पर विचार गोष्ठी का आयोजन
इसके उपरांत जिलाधिकारी की अध्यक्षता में भारतीय संविधान पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसका कुशल एवं सुव्यवस्थित संचालन मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अनुराग सारस्वत द्वारा किया गया। गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी मेधा रूपम ने कहा कि 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ भारतीय संविधान देश को संप्रभु, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक गणराज्य का स्वरूप प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान अपनी समानता, न्याय, स्वतंत्रता और बंधुत्व की भावना के कारण विश्वभर में विशिष्ट पहचान रखता है तथा यह प्रत्येक नागरिक को एकता के सूत्र में बांधता है।
जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान
जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध एवं प्रभावी रूप से पहुंचाना सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने शहीदों के बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि राष्ट्र उनके त्याग को कभी नहीं भुला सकता।
जिलाधिकारी के नेतृत्व में जनपद के समस्त शासकीय कार्यालयों एवं विद्यालयों में भी गणतंत्र दिवस का पर्व हर्षोल्लास और देशभक्ति के साथ मनाया गया।
ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित अधिकारी
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, अपर जिलाधिकारी एल.ए. बच्चू सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका, वरिष्ठ कोषाधिकारी शिखा गुप्ता, उप जिलाधिकारी अरविंद कुमार, डिप्टी कलेक्टर वेद प्रकाश पांडे, अभिहित अधिकारी सर्वेश मिश्रा सहित अन्य अधिकारीगण एवं कलेक्ट्रेट परिसर के कर्मचारी उपस्थित रहे।।
