गौतमबुद्धनगर: पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर सेक्टर-63 में सघन पैदल गश्त, एसीपी ने संभाली मोर्चा—सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का लिया जायजा!!
दो टूक:: नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से लगातार सघन चेकिंग व गश्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में तथा डीसीपी/एडीसीपी सेंट्रल नोएडा के पर्यवेक्षण में एसीपी-1 सेंट्रल नोएडा श्री उमेश यादव ने थाना सेक्टर-63 क्षेत्र में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया।
पैदल गश्त के दौरान एसीपी श्री उमेश यादव ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए तथा संदिग्ध प्रतीत होने वाले वाहनों को बैरिकेडिंग लगाकर सघन चेकिंग के बाद ही आगे जाने दिया जाए। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने, नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने और आमजन में सुरक्षा की भावना बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
एसीपी द्वारा सभी पीसीआर एवं पीआरवी वाहनों को लगातार भ्रमणशील रहते हुए सक्रिय गश्त करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की पैदल गश्त और चेकिंग अभियान से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ-साथ आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास भी बढ़ा है।
पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया कि जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
