रविवार, 4 जनवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: फेस-2 पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बाइक चोरी गिरोह पर प्रहार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: फेस-2 पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बाइक चोरी गिरोह पर प्रहार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक:: नोएडा। थाना फेस-2 पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल, दो फर्जी नंबर प्लेट और एक अवैध चाकू बरामद किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 03 जनवरी 2026 को थाना फेस-2 पुलिस टीम ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर ग्राम भंगेल के पास से अभियुक्त अमित कुमार पुत्र रमाशंकर सिंह को दबोच लिया। पकड़ा गया अभियुक्त वाहन चोरी कर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उन्हें छिपाने व बेचने की फिराक में था।

गिरफ्तार अभियुक्त अमित कुमार, निवासी ग्राम रुदौली, जनपद समस्तीपुर (बिहार) हाल निवासी ग्राम सलारपुर, थाना सेक्टर-39, गौतमबुद्धनगर का रहने वाला है। अभियुक्त की उम्र करीब 20 वर्ष है तथा वह कक्षा 10वीं तक शिक्षित है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि अभियुक्त के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। थाना फेस-2 में उसके विरुद्ध बीएनएस की संबंधित धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है, वहीं हरियाणा के रेवाड़ी जनपद में भी वह एक अन्य गंभीर मामले में वांछित रहा है।

फेस-2 पुलिस द्वारा समय रहते की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।।