मऊ :
कड़ाके की ठंड मे कोपागंज मे अलाव की व्यवस्था नदारद,कूड़ा जलाने के लिए मजबूर।
नगर पंचायत की अनदेखी से लोग जहरीला धुआं युक्त पदार्थ जलाने को मजबूर
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के कोपागंज में बुधवार को हिमालय की ओर से चली सर्द पछुआ हवाओं के कारण ठंड में अचानक वृद्धि हुई। यह दिन इस शरद ऋतु का अब तक का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने का अनुमान जताया है। इस बीच, कोपागंज नगर पंचायत द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था न किए जाने से काम के सिलसिले में नगर आने वाले क्षेत्रीय लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
कोपागंज नगर में विभिन्न बैंकों की शाखाएं, और टेंपो स्टैंड हैं। इसके अतिरिक्त नगर पंचायत के अंतर्गत 17 वार्डों में तिराहे चराहे, कई पुराने मंदिर , सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पशु अस्पताल ,कोपागंज थाना , कसारा मोड़ ,भातकोल मोड़, चौक ,भरत मिलाप, और जैसे एक दर्जन से अधिक।
इन सभी सार्वजनिक स्थानों पर प्रतिदिन हजारों लोग कोपागंज नगर सेट गांवों व दूर-दराज के इलाकों से आते हैं। अलाव की व्यवस्था न होने के कारण इन लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ठंड से बचने के लिए लोग मजबूरी में रबर, मोबिल, प्लास्टिक और कागज जैसी वस्तुएं जलाकर आग ताप रहे हैं, जिससे जहरीला धुआं फैल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को ठंड के शुरुआती दिनों में ही अलाव की समुचित व्यवस्था कर लेनी चाहिए थी।
लोगों ने आशंका व्यक्त की है कि यदि यही स्थिति बनी रही, तो क्षेत्र के दूरदराज के इलाकों से कोपागंज आने वाले किसी व्यक्ति की ठंड से मौत भी हो सकती है।
इस संबंध मे उप जिलाधिकारी सदर व कोपागंज नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी
