गौतमबुद्धनगर: डीएम मेधा रूपम ने शीला फोम व बेनेट यूनिवर्सिटी में स्पेशल कैंप का निरीक्षण, पुनरीक्षण अभियान को मिली नई रफ्तार!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक:: गौतम बुद्ध नगर, 01 दिसंबर 2025
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान को गति देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी गौतम बुद्ध नगर मेधा रूपम ने सोमवार को ग्रेटर नोएडा स्थित शीला फोम इंडस्ट्री और बेनेट यूनिवर्सिटी में लगाये गये स्पेशल वोटर एनरोलमेंट कैंपों का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में उपलब्ध सुविधाओं, फॉर्म स्वीकार केंद्रों, मतदाता सूची खोज सहायता, बीएलओ तैनाती तथा नागरिक भागीदारी की स्थिति का विस्तृत अवलोकन किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य हर पात्र नागरिक को मतदाता सूची में जोड़ना और नामांकन व संशोधन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सरल बनाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति दस्तावेजी प्रक्रिया में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करे और सेवाएं कार्यस्थल व शिक्षण संस्थानों पर ही सहजता से उपलब्ध हों।
श्रमिकों से संवाद, सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश
शीला फोम इंडस्ट्री में निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने श्रमिकों से सीधे संवाद कर पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने उद्योगों में लगाए जा रहे विशेष शिविरों को अभियान की सफलता के लिए अहम बताया और कहा कि श्रमिक वर्ग की सक्रिय भागीदारी लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाती है।
युवा मतदाताओं को जोड़ने पर विशेष जोर
इसके बाद बेनेट यूनिवर्सिटी में निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम ने कहा कि प्रथम बार वोट डालने वाले युवा लोकतंत्र की रीढ़ हैं, इसलिए उनका पंजीकरण सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि विश्वविद्यालयों व कॉलेजों में चल रहे कैंपों को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।
उन्होंने उपस्थित छात्रों को बताया कि फॉर्म-6, फॉर्म-8 और अन्य एन्यूमरेशन फॉर्म सभी शिविरों में स्वीकार किए जा रहे हैं। साथ ही सर्चेबल वेबसाइट, पीडीएफ लिस्ट और प्रशिक्षित बीएलओ टीम के माध्यम से तुरंत सेवा उपलब्ध कराई जा रही है। नागरिक किसी भी बूथ का फॉर्म किसी भी कैंप में जमा कर सकते हैं, जिससे अनावश्यक यात्रा से राहत मिलती है।
अधिकारियों की मौजूदगी
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, तहसीलदार सदर प्रतीक चौहान, नायब तहसीलदार ज्योत्सना सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।।
