सोमवार, 1 दिसंबर 2025

गौतमबुद्धनगर: 22 दिसंबर को जीरो प्वाइंट पर किसान–मजदूर महापंचायत की तैयारी तेज!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: 22 दिसंबर को जीरो प्वाइंट पर किसान–मजदूर महापंचायत की तैयारी तेज!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक:: ग्रेटर नोएडा। भारतीय किसान यूनियन द्वारा 22 दिसंबर 2025 को जीरो प्वाइंट यमुना एक्सप्रेसवे, ग्रेटर नोएडा पर आयोजित होने वाली किसान–मजदूर महापंचायत की तैयारियों को लेकर भाकियू कैंप कार्यालय बिरोंडी में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एनसीआर अध्यक्ष परविंदर अवाना ने की, जिन्होंने पंचायत की रणनीति और संगठन के विस्तार पर विस्तृत चर्चा की।

परविंदर अवाना ने कहा कि यह महापंचायत किसानों के अधिकारों व सम्मान की लड़ाई को मजबूत बनाने वाला ऐतिहासिक कदम होगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया और कहा—
“किसानों के मुद्दों पर अब समझौता नहीं, समाधान चाहिए। यह पंचायत किसानों की आवाज को नई दिशा देगी।”
अवाना अपने तेज नेतृत्व, संगठनात्मक क्षमता और संघर्षशील कार्यशैली के लिए संगठन में एक सशक्त स्तंभ के रूप में जाने जाते हैं।

बैठक में जिलाध्यक्ष नोएडा अशोक भाटी ने पंचायत की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि नोएडा से आगरा तक के किसानों की संयुक्त लंबित समस्याओं को समाधान के लिए जोरदार तरीके से उठाया जाएगा।
अशोक भाटी ने कहा—
“किसानों के हक के लिए हम हर स्तर पर संघर्ष कर रहे हैं। पंचायत में बड़े निर्णय होंगे और जरूरत पड़ी तो बड़ा आंदोलन भी शुरू किया जाएगा।”
अशोक भाटी संगठन में अपने जुझारू नेतृत्व और किसान–हितैषी कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं, जो लगातार गांव–गांव जाकर जनसंपर्क कर रहे हैं।

बैठक में जिलाध्यक्ष दादरी मनोज मावी, नरेंद्र नागर, अनित भाटी, शरदाराम भाटी, सिंहराज गुर्जर, विपिन तंवर, ऋतिक नागर, तरुण मावी, भोजा भाटी, आजाद सैफी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

भाटी ने बताया कि महापंचायत की सूचना डीएम गौतमबुद्धनगर, पुलिस प्रशासन तथा नोएडा, ग्रेटर नोएडा व यमुना अथॉरिटी के सीईओ को दे दी गई है। महापंचायत में अथॉरिटी के अधिकारी भी शामिल होंगे और भूमि मुआवजा, आबादी प्लॉट, विकास शुल्क, रोजगार और सुविधाओं जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी।

उन्होंने कहा कि पंचायत की सफलता के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चल रहा है और जल्द ही किसानों के मुद्दों का विस्तृत ज्ञापन भी प्रशासन को सौंपा जाएगा।।