मंगलवार, 30 दिसंबर 2025

गौतमबुद्धनगर में फूड सेफ्टी पर सख्ती, नामी रेस्टोरेंट्स से 14 खाद्य नमूने जांच को भेजे!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर में फूड सेफ्टी पर सख्ती, नामी रेस्टोरेंट्स से 14 खाद्य नमूने जांच को भेजे!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक:: गौतमबुद्धनगर।
नोएडा : नववर्ष के मद्देनज़र जनपदवासियों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले भर में व्यापक अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर एक साथ कई टीमों ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा व जेवर क्षेत्र के नामी रेस्टोरेंट्स और खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर 14 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि सेक्टर-132, 135, 74, 62, 63, 18, 121 सहित ग्रेटर नोएडा और जेवर क्षेत्र में मैकडॉनल्ड्स, केएफसी, डोमिनोज, पिज्जा हट, सबवे, बर्गर किंग समेत कई प्रतिष्ठानों से कुकिंग ऑयल, पिज्जा, डोसा, चीज़, डो, चिकन क्यूब, पनीर पेटीज, दूध आदि के नमूने लिए गए।

कार्रवाई के दौरान सेक्टर-121 स्थित एक सबवे रेस्टोरेंट में 42.84 किलोग्राम इटेलियन (व्हाइट) डफ ब्रेड स्टिक पर यूज़ बाय/एक्सपायरी डेट अंकित न होने की गंभीर कमी पाई गई, जिस पर एक नमूना लेकर शेष सामग्री सीज कर दी गई तथा विनिर्माण इकाई को कारण बताओ नोटिस जारी करने की तैयारी की जा रही है।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान देर रात तक जारी रहा और आगे भी निरंतर प्रवर्तन कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।

प्रशासन का कहना है कि जनपदवासियों को मानकों के अनुरूप सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।।