गुरुवार, 13 नवंबर 2025

गौतमबुद्धनगर: IPL खिलाड़ी विप्रज निगम पर महिला क्रिकेटर ने लगाया दुष्कर्म और मारपीट का गंभीर आरोप!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: IPL खिलाड़ी विप्रज निगम पर महिला क्रिकेटर ने लगाया दुष्कर्म और मारपीट का गंभीर आरोप!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक:: नोएडा !!
IPL क्रिकेटर विप्रज निगम पर एक महिला क्रिकेटर ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता, जो मूल रूप से हैदराबाद की रहने वाली है और वर्तमान में उत्तर प्रदेश की राज्य टीम के लिए क्रिकेट खेलती है, ने नोएडा के एक्सप्रेसवे थाने में लिखित शिकायत दी है।

महिला क्रिकेटर का कहना है कि विप्रज निगम से उसकी पहचान एक क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती के बाद लगातार बातचीत होने लगी। आरोप है कि विप्रज ने शादी का वादा किया और इसी बहाने महिला को नोएडा के एक होटल में बुलाया, जहां उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए। जब महिला ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी।

पीड़िता ने बताया कि वह लगातार मानसिक तनाव में रही और कई बार विप्रज निगम से बात करने की कोशिश की, लेकिन उसने फोन उठाना बंद कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने ACP कार्यालय पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी पुलिस अधिकारियों को दी और न्याय की मांग की।

महिला क्रिकेटर ने बताया कि उसने इस मामले में लखनऊ में भी शिकायत दर्ज कराई है, क्योंकि आरोपी वहीं का रहने वाला है और कुछ घटनाएं वहां भी हुई थीं।

वहीं, दूसरी ओर विप्रज निगम ने भी महिला के खिलाफ एक प्रतिशिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उसने खुद पर लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया है।

नोएडा पुलिस का कहना है कि मामले की संपूर्ण जांच की जा रही है, और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि जांच में तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी

इस घटना ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है, क्योंकि आरोपी खिलाड़ी घरेलू स्तर पर कई टूर्नामेंटों में हिस्सा ले चुका है और IPL फ्रेंचाइज़ी से जुड़ा हुआ रहा है। वहीं, पीड़िता भी महिला क्रिकेट में एक उभरता हुआ नाम बताई जा रही है।।