गौतमबुद्धनगर: नोएडा FNG फ्लाईओवर पर बड़ा हादसा: भीड़ से भरी पिकअप बुद्ध मूर्ति ब्रिज से नीचे गिरी!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक:: नोएडा। रविवार शाम FNG फ्लाईओवर पर उस समय हड़कंप मच गया, जब तेज़ रफ्तार से दौड़ रही एक पिकअप वैन (छोटा हाथी) अचानक अनियंत्रित होकर बुद्ध मूर्ति ब्रिज से नीचे गिर पड़ी। पिकअप में बड़ी संख्या में लोग सवार थे, जिनमें से कई नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। वाहन गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और फ्लाईओवर पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पिकअप ने अचानक बैलेंस खो दिया और रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरी। हादसे में एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि कई अन्य को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं। सभी घायलों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-113 पुलिस, स्थानीय थाना टीम और राहत दल मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने बचाव अभियान चलाकर घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और आसपास के क्षेत्र को घेराबंदी कर ट्रैफिक को डायवर्ट किया। हादसे के चलते FNG फ्लाईओवर और आसपास के इलाकों में लंबा जाम लग गया।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला तेज़ रफ्तार और वाहन नियंत्रण खोने का लग रहा है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है और पिकअप चालक से पूछताछ की तैयारी की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने फ्लाईओवर पर सुरक्षा उपायों को सुदृढ़ करने और ऐसे हादसों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की विस्तृत जांच की जाएगी और आवश्यकतानुसार कार्रवाई की जाएगी।।
