रविवार, 9 नवंबर 2025

गौतमबुद्धनगर: सेंचुरी अपार्टमेंट में उत्तराखंड स्थापना दिवस पर सांस्कृतिक रंग बिखरे!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर: सेंचुरी अपार्टमेंट में उत्तराखंड स्थापना दिवस पर सांस्कृतिक रंग बिखरे!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक:: नोएडा, 9 नवम्बर 2025।
सेंचुरी अपार्टमेंट, सेक्टर-100 में रविवार को उत्तराखंड के 25वें स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पहाड़ की सुगंध और लोकधुनों से सराबोर इस कार्यक्रम में बच्चों से लेकर बुज़ुर्गों तक सभी ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक गीत “ठंडो रे ठंडो मेरे पहाड़ को पानी ठंडो…” और “वेणुपाको बारह मासा…” की मधुर धुनों के साथ हुई, जिसने पूरे परिसर को उत्तराखंड की लोक-संस्कृति के रंग में रंग दिया। इसके बाद बच्चों—कामिनी, काव्या और ऋषिका—ने सुरीले सांस्कृतिक गीत प्रस्तुत कर दर्शकों का दिल जीत लिया।

महिलाओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए। अम्बा जोशी, मंजू पवार, नीलम पांडेय, हिमानी उपाध्याय, प्रीति शर्मा, पुष्पा जोशी और मंजू टम्टा ने पारंपरिक पहाड़ी लोकनृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। हर प्रस्तुति में उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक स्पष्ट दिखाई दी।

संगीत कार्यक्रम में वी.के. टम्टा, ए.डी. जोशी, यू.एस. पवार और दिलीप मिश्रा ने उत्तराखंड के लोकप्रिय गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और भी जीवंत और यादगार बना दिया।

पूरे आयोजन का संचालन आरडब्ल्यूए सेंचुरी अपार्टमेंट के तत्वावधान में किया गया।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष पवन यादव, उपाध्यक्ष आलोक यादव, सचिव शेष नाथ और कोषाध्यक्ष ओमवीर सिंह के साथ-साथ कर्मजीत सिंह, पी.के. वर्मा, प्रमोद चौहान, एस.सी. शर्मा और गोपाल शर्मा आदि पदाधिकारियों की अहम भूमिका रही।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में निवासियों ने हिस्सा लेकर उत्तराखंड की संस्कृति, परंपरा और लोककला का आनंद लिया। इस अवसर पर लोगों ने एकता, सौहार्द और आपसी सहयोग का संदेश देते हुए स्थापना दिवस की शुभकामनाएं साझा कीं।