गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में दबंगों का आतंक: घर में घुसकर युवक पर जानलेवा हमला, फायरिंग से मचा हड़कंप!!
दो टूक:: ग्रेटर नोएडा।
सूरजपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। आधा दर्जन से अधिक दबंगों ने एक युवक के घर में घुसकर उस पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे खून से लथपथ हालत में अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला 6% प्लॉट विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दबंगों की दबंगई साफ दिखाई दे रही है—वे खुलेआम घर में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट करते नजर आ रहे हैं। फायरिंग की आवाजें भी वीडियो में सुनाई देने का दावा किया जा रहा है।
सूचना मिलते ही सूरजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश में कई ठिकानों पर दबिश दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सूरजपुर थाना क्षेत्र में आए दिन ऐसी घटनाएं हो रही हैं, जिससे आम नागरिकों में दहशत का माहौल है। लोगों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही और प्रभावशाली लोगों के दबाव के चलते अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
इस घटना ने एक बार फिर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी — “Total breakdown of law and order in UP” — अब ज़मीनी सच्चाई साबित होती दिख रही है।
थाना सूरजपुर, जो पहले भी कई विवादों और आपराधिक घटनाओं को लेकर सुर्खियों में रह चुका है, एक बार फिर सवालों के घेरे में है।
सेंट्रल नोएडा ज़ोन की पुलिस अपराध पर नियंत्रण करने के बजाय अपराध के बढ़ते ग्राफ का नया रिकॉर्ड बना रही है।
स्थानीय नागरिकों में भारी रोष है। उन्होंने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि आमजन में कानून पर भरोसा बहाल हो सके।।
