सोमवार, 24 नवंबर 2025

मथुरा: यमुना एक्सप्रेसवे पर AC स्लीपर बस पलटी, 15 यात्री घायल — 3 की हालत गंभीर!!

शेयर करें:

मथुरा: यमुना एक्सप्रेसवे पर AC स्लीपर बस पलटी, 15 यात्री घायल — 3 की हालत गंभीर!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक:: मथुरा। यमुना एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। थाना बलदेव क्षेत्र में माइल स्टोन 128 के पास नोएडा से आगरा जा रही एक AC स्लीपर क्लास निजी बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। तेज धमाके के साथ बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी फैल गई।

घटना की जानकारी मिलते ही एक्सप्रेसवे सुरक्षा कर्मी और थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। रेस्क्यू टीमों ने शीशे तोड़कर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में कुल 15 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को एस.एन. मेडिकल कॉलेज आगरा रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि बस रविवार देर रात दिल्ली से रायबरेली के लिए 35 यात्रियों को लेकर निकली थी। यमुना एक्सप्रेसवे पर पहुंचते ही बस तेज रफ्तार में अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पलट गई। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में ओवरस्पीडिंग और ड्राइवर की लापरवाही की आशंका नजर आ रही है। बस का तकनीकी परीक्षण कराया जा रहा है।

घटनास्थल पर पुलिस टीम लगातार मौजूद है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। उधर, हादसे के बाद कुछ देर के लिए एक्सप्रेसवे का यातायात प्रभावित रहा, जिसे अब सामान्य कर दिया गया है।।