शुक्रवार, 7 नवंबर 2025

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में रफ्तार का कहर: सेक्टर-61 अंडरपास पर फॉर्च्यूनर ने दो कारों को मारी जोरदार टक्कर, चार युवक गंभीर रूप से घायल!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में रफ्तार का कहर: सेक्टर-61 अंडरपास पर फॉर्च्यूनर ने दो कारों को मारी जोरदार टक्कर, चार युवक गंभीर रूप से घायल!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक:: नोएडा।
सेक्टर-58 थाना क्षेत्र के सेक्टर-61 अंडरपास पर देर रात तेज रफ्तार की वजह से एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि फॉर्च्यूनर कार (UP16EE0005) तेज रफ्तार में दौड़ रही थी, तभी अचानक चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और उसने सामने चल रही होंडा अमेज़ और अर्टिगा कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों गाड़ियाँ पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं।

हादसे में होंडा अमेज़ में सवार बुलंदशहर जिले के शिकारपुर निवासी चार युवक बुरी तरह घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद ज़ोरदार धमाका हुआ और आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, दो युवकों की हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है।

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि फॉर्च्यूनर की स्पीड करीब 120 किलोमीटर प्रतिघंटा थी। जैसे ही उसने अंडरपास में एंट्री ली, चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार सीधा सामने चल रही गाड़ियों से टकरा गई। टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि दूर तक उसका शोर सुनाई दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

सूचना मिलते ही सेक्टर-58 थाना पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात बहाल कराया। सभी वाहनों को कब्जे में लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
फॉर्च्यूनर चालक की पहचान करने के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि चालक नशे में था या नहीं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नोएडा में रात के समय तेज रफ्तार वाहन बड़ी दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। इस घटना के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में गश्त और नशे में ड्राइविंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि सेक्टर-61 अंडरपास पर रात के समय लगातार तेज रफ्तार वाहन दौड़ते हैं और कई बार लोग बाल-बाल बचते हैं। उन्होंने प्रशासन से यहां ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती और स्पीड कंट्रोल के उपाय करने की मांग की है।