रविवार, 9 नवंबर 2025

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में चला महिला सुरक्षा जागरूकता अभियान, मिशन शक्ति फेज-5 के तहत पुलिस ने दिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में चला महिला सुरक्षा जागरूकता अभियान, मिशन शक्ति फेज-5 के तहत पुलिस ने दिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान-5.0 के तहत शनिवार को विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देश और डीसीपी महिला सुरक्षा श्रीमती मनीषा सिंह के पर्यवेक्षण में महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा तथा सरकारी योजनाओं से जुड़ी अहम जानकारियां नागरिकों को प्रदान की गईं।

कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं, छात्राओं, स्थानीय निवासियों तथा कंपनी कर्मियों से संवाद स्थापित कर सुरक्षा और अधिकारों को लेकर विस्तार से जानकारी दी। टीम ने थानों में गठित मिशन शक्ति केंद्र की कार्यप्रणाली, उपलब्ध सुविधाओं तथा महिला सहायता तंत्र के बारे में भी अवगत कराया।

पुलिस अधिकारियों ने बालिकाओं व महिलाओं को गुड टच-बैड टच, घरेलू हिंसा, आपातकालीन स्थिति में हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग तथा आत्मसुरक्षा के सरल तरीकों के बारे में बताया। इसके साथ ही पुलिस हेल्पलाइन—112, वूमेन हेल्पलाइन—1090, चाइल्ड हेल्पलाइन—1098, और साइबर हेल्पलाइन—1930 की महत्ता पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

साइबर सुरक्षा से जुड़ी टीम द्वारा कंपनियों व संस्थानों में जाकर कर्मचारियों को डिजिटल सेफ्टी, फिशिंग, ऑनलाइन फ्रॉड, पासवर्ड सुरक्षा, और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में जागरूक किया गया। टीम ने बताया कि व्यक्तिगत जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करने से गंभीर जोखिम पैदा हो सकते हैं, इसलिए सावधानी बेहद जरूरी है।

मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस की महिला बीट अधिकारी रोजाना गांवों, कस्बों, मार्केट, बस स्टैंड और सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमण कर महिलाओं को जागरूक कर रही हैं। साथ ही सुरक्षा से जुड़े पंपलेट बांटकर लोगों को विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस कमिश्नरेट का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं में जागरूकता बढ़ाकर उनके आत्मविश्वास को मजबूत करना, साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी देना और अपराध होने की स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराना है।।