गौतमबुद्धनगर में ‘मिशन शक्ति 5.0’ अभियान तेज, पुलिस ने महिलाओं को सुरक्षा, साइबर जागरूकता और अधिकारों की दी महत्वपूर्ण जानकारी!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक:: नोएडा/गौतमबुद्धनगर।
पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में तथा प्रभारी डीसीपी महिला सुरक्षा श्रीमती मनीषा सिंह के पर्यवेक्षण में मिशन शक्ति अभियान-5.0 के तहत कमिश्नरेट क्षेत्र में महिला सुरक्षा और जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी है। अभियान के अंतर्गत अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने महिलाओं, बालिकाओं, कर्मचारियों व स्थानीय नागरिकों को सुरक्षा, कानून और साइबर सतर्कता से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।
महिला सुरक्षा, कानून और हेल्पलाइन की दी जानकारी
मिशन शक्ति टीम ने विभिन्न स्थानों पर लोगों को थानों की कार्यप्रणाली, महिला उत्पीड़न से जुड़े कानून, पुलिस हेल्पलाइन नंबर, साइबर फ्रॉड से बचाव तथा शिकायत की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जागरूक किया। थानों में स्थापित मिशन शक्ति केंद्र के उद्देश्य, कार्य प्रणाली और उपलब्ध सुविधाओं की भी जानकारी महिला कर्मियों को दी गई।
बालिकाओं को सिखाया— गुड टच-बैड टच
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बालिकाओं व युवतियों से सकारात्मक संवाद कर गुड टच-बैड टच, घरेलू हिंसा, आपातकालीन सुरक्षा उपायों और तत्काल सहायता के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता समझाई।
कंपनियों में साइबर सुरक्षा व डिजिटल जोखिमों पर जागरूकता
साइबर टीम द्वारा विभिन्न कंपनियों में जाकर कर्मचारियों को डिजिटल सुरक्षा, पासवर्ड प्रोटेक्शन, सोशल मीडिया सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन धोखाधड़ी, फिशिंग व अन्य साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताए गए। इसके साथ साइबर हेल्पलाइन नंबरों एवं तत्काल सहायता की प्रक्रिया से अवगत कराया गया ताकि व्यक्तिगत व संस्थागत डेटा को सुरक्षित रखा जा सके।
महिला बीट पुलिस का दैनिक भ्रमण जारी
मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत सभी थाना क्षेत्रों में महिला बीट पुलिस अधिकारी प्रतिदिन गांव, कस्बों, बाजार, सार्वजनिक स्थलों, बस स्टैंड आदि पर पहुंचकर महिलाओं को जागरूक कर रही हैं। साथ ही हेल्पलाइन नंबरों वाले पम्पलेट वितरित कर उनकी समस्याएं सुनकर समाधान कराने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।।
