बुधवार, 26 नवंबर 2025

गौतमबुद्धनगर: यमुना एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा – डबल डेकर बस पलटी, 14 यात्री गंभीर रूप से घायल!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: यमुना एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा – डबल डेकर बस पलटी, 14 यात्री गंभीर रूप से घायल!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक:: ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। दनकौर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत तेज रफ्तार से जा रही एक डबल डेकर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें सवार 14 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बस पलटने के बाद उसके अंदर फंसे यात्रियों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। सूचना पाकर पुलिस व यमुना एक्सप्रेसवे की पेट्रोलिंग टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सभी का उपचार जारी है।

पुलिस के मुताबिक, बस में कुल 60 यात्री सवार थे और यह बस दिल्ली से वाराणसी जा रही थी। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि तेज रफ्तार और ड्राइवर के नियंत्रण खोने से वाहन असंतुलित होकर पलट गया। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

स्थानीय पुलिस का कहना है कि दुर्घटना में घायल यात्रियों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस हादसे के बाद क्षेत्र में सुरक्षा और स्पीड कंट्रोल के मुद्दे पर फिर से सवाल खड़े हो गए हैं, क्योंकि यमुना एक्सप्रेसवे पर आए दिन बड़े हादसे सामने आते रहते हैं।।