गौतमबुद्धनगर: प्रदेश के उप निबंधक कार्यालयों में अब भूतपूर्व सैनिक और होमगार्ड देंगे सुरक्षा का जिम्मा!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए शासन ने जारी किए निर्देश, ₹40.53 करोड़ की स्वीकृति
दो टूक :: गौतम बुद्ध नगर, 18 अक्टूबर 2025।
प्रदेश सरकार ने उप निबंधक कार्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ और प्रभावी बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। अब प्रदेश के सभी 380 उप निबंधक कार्यालयों में भूतपूर्व सैनिकों और होमगार्डों की तैनाती की जाएगी। इस व्यवस्था के लिए शासन ने ₹40.53 करोड़ का वार्षिक व्यय स्वीकृत किया है।
स्टाम्प एवं पंजीयन मंत्री रवेन्द्र जायसवाल ने बताया कि शासन का उद्देश्य अभिलेखों, संपत्ति पंजीकरण दस्तावेजों, कंप्यूटर सिस्टम और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री की सुरक्षा को मजबूत करना है। मुख्य सचिव अमित गुप्ता द्वारा महानिरीक्षक निबंधन, उत्तर प्रदेश लखनऊ को पत्र भेजकर इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
निर्देशों के अनुसार प्रदेश के 380 उप निबंधक कार्यालयों में सुरक्षा के लिए 315 भूतपूर्व सैनिक और 789 होमगार्ड तैनात किए जाएंगे। यह तैनाती उत्तर प्रदेश भूतपूर्व सैनिक निगम लिमिटेड एवं होमगार्ड विभाग के माध्यम से की जाएगी।
शासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन कार्यालयों का संचालन किराए के भवनों या निजी परिसरों में हो रहा है, वहाँ भी सुरक्षा कर्मियों की तैनाती अनिवार्य रूप से की जाएगी। इससे अभिलेखों और दस्तावेजों की सुरक्षा के साथ-साथ कर्मचारियों के कार्य वातावरण को भी सुरक्षित बनाया जा सकेगा।
प्रदेश के कुल 269 कार्यालयों में सुरक्षा हेतु तैनात किए जाने वाले होमगार्डों के भुगतान के लिए लगभग ₹3.37 करोड़ की धनराशि निर्धारित की गई है।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए हैं कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए स्वीकृत बजट का उपयोग पारदर्शी एवं नियमानुसार किया जाए। साथ ही किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ प्रशासनिक कार्यवाही की जाएगी।
इस महत्वपूर्ण निर्णय से प्रदेश के निबंधन कार्यालयों में पारदर्शिता, सुरक्षा और भरोसे का माहौल और अधिक मजबूत होने की उम्मीद है।
यह जानकारी सहायक आयुक्त स्टांप द्वितीय गौतम बुद्ध नगर श्री ब्रिजेश कुमार द्वारा दी गई।।