गोण्डा- शासन की महत्वाकांक्षी “मिशन शक्ति 5.0” अभियान के अंतर्गत 9 अक्टूबर को थाना धानेपुर क्षेत्र के ग्राम दुल्हापुर बनकट में पुलिस महानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र की अध्यक्षता में मिशन शक्ति चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें जिलाधिकारी गोण्डा, मुख्य विकास अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं चिकित्सा, पंचायत राज, विद्युत समेत अनेक विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के संबंध में जन-जागरूकता फैलाना तथा स्थानीय बरूआर जाति समुदाय की समस्याओं को जानकर उनका मौके पर ही समाधान कराना था। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, विशेष रूप से बरूआर जाति/समुदाय के लोगों ने प्रतिभाग किया और अपनी समस्याएं पुलिस महानिरीक्षक देवीपाटन रेंज तथा जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की।
इस दौरान उपस्थित अधिकारियो द्वारा समस्याओं के निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर अधिकारियों द्वारा उपस्थित जनसमूह को महिलाओं एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण हेतु शासन द्वारा संचालित योजनाओं — जैसे मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, रानी लक्ष्मीबाई बाल एवं महिला सम्मान कोष, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना एवं हेल्पलाइन सेवाओं/ नंबरों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, किसी भी प्रकार की हिंसा या भेदभाव की स्थिति में तुरंत पुलिस या हेल्पलाइन से संपर्क करने तथा आत्मरक्षा के प्रशिक्षण लेने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस महानिरीक्षक द्वारा बताया गया कि पुलिस विभाग महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है और प्रत्येक थाने में मिशन शक्ति डेस्क स्थापित कर महिलाओं की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में सैकड़ों ग्रामीणों की सहभागिता रही। महिलाओं ने प्रशासन के इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से शासन-प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित होता है, जिससे समस्याओं के समाधान में पारदर्शिता व त्वरित कार्यवाही संभव हो पाती है।