मंगलवार, 28 अक्टूबर 2025

गौतमबुद्धनगर: छठ घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, अस्ताचल गामी सूर्य को व्रतियों ने दिया अर्घ्य!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: छठ घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, अस्ताचल गामी सूर्य को व्रतियों ने दिया अर्घ्य!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक:: नोएडा सेक्टर-31: शहीद भगत सिंह पार्क स्थित छठ घाट पर पूर्वांचल मित्र मंडल छठ पूजा समिति द्वारा भव्य छठ पूजा महोत्सव का आयोजन किया गया। सोमवार को छठ व्रतियों ने परंपरानुसार अस्ताचल गामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर लोक आस्था के इस महापर्व का शुभारंभ किया।

छठ घाट को तोरण, पताकाओं और पुष्प सज्जा से मनमोहक रूप दिया गया था। घाट के जल में गंगाजल के साथ गुलाब की पंखुड़ियां प्रवाहित की गईं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। हजारों की संख्या में श्रद्धालु घाट पर एकत्र हुए और “छठी मैया” के भजनों के साथ पूजा-अर्चना में लीन दिखे। कई श्रद्धालु दंडवत यात्रा कर घाट तक पहुंचे, जिनकी भक्ति देखकर उपस्थित जनसमूह भावविभोर हो उठा।

अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पण के पश्चात नामचीन भजन गायक कलाकारों ने देर रात तक छठी मैया के गीतों से समा बांध दिया। छठ घाट पर “केलवा जे फरेला घवद से” और “उठु हे छठी मइया” जैसे पारंपरिक गीतों पर श्रद्धालु झूम उठे।

समिति के महासचिव राघवेंद्र दुबे ने कहा कि “छठ पूजा प्रकृति प्रेम और आस्था का अनूठा पर्व है। यह एकमात्र ऐसा त्योहार है जिसमें अस्त होते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है, जो इस संदेश को दर्शाता है कि जो अस्त होता है, उसका उदय भी निश्चित है।”

इस अवसर पर सांसद डॉ. महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश चौहान, अशोक चौहान, संयोजक अर्जुन प्रजापति, महासचिव राघवेंद्र दुबे, सुधीर राय, कैप्टन विकास गुप्ता, मदन चौहान, अविनाश सिंह, तरुण कुमार, जयप्रकाश गुप्ता, सुशील पाल, मंगल ठाकुर, मयंक सिंह, डिंपल आनंद, साधु मकवाना, किश्वर, किशन प्रजापति सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु मौजूद रहे।