मंगलवार, 28 अक्टूबर 2025

गौतमबुद्धनगर: छठ पर्व पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, डीसीपी यमुना प्रसाद ने किया घाटों का निरीक्षण!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: छठ पर्व पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, डीसीपी यमुना प्रसाद ने किया घाटों का निरीक्षण!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक:: नोएडा, 28 अक्टूबर 2025:
छठ पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पूरी तरह से अलर्ट मोड में है। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में डीसीपी नोएडा श्री यमुना प्रसाद, एडीसीपी श्री सुमित कुमार शुक्ला और एसीपी प्रथम श्री प्रवीण कुमार सिंह ने मंगलवार को नोएडा जोन के विभिन्न छठ पूजा स्थलों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पूजा समितियों के संयोजकों से वार्ता कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाटों के आसपास सफाई, रोशनी और बैरिकेडिंग की विशेष व्यवस्था की गई है। वहीं सुरक्षा के मद्देनज़र पर्याप्त पुलिस बल को तैनात किया गया है।

छठ घाटों पर यमुना नदी के किनारे गोताखोरों और एम्बुलेंस की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस द्वारा आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

डीसीपी यमुना प्रसाद ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के प्रति सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “श्रद्धालुओं की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। सभी अधिकारी व जवान लगातार निगरानी रखें और किसी भी परिस्थिति में तत्परता से कार्रवाई करें।”

इस दौरान पीआरवी और पीसीआर वाहनों को लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए गए, ताकि त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अब तक सभी घाटों पर छठ व्रतियों द्वारा सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में पूजा-अर्चना की जा रही है।