मंगलवार, 28 अक्टूबर 2025

गौतमबुद्धनगर: छलेरा आंगनवाड़ी केंद्र में मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को जागरूक किया गया!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: छलेरा आंगनवाड़ी केंद्र में मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को जागरूक किया गया!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

घरेलू हिंसा और दहेज उन्मूलन पर दी गई जानकारी, सरकारी योजनाओं की भी हुई चर्चा

दो टूक:: गौतमबुद्ध नगर, 27 अक्टूबर 2025।
जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार पुष्कर के निर्देशन में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत बिसरख ब्लॉक के छलेरा आंगनवाड़ी केंद्र पर “घरेलू हिंसा एवं दहेज उन्मूलन” विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग की हब टीम से डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर मीनाक्षी ने उपस्थित महिलाओं को घरेलू हिंसा अधिनियम 2005 और दहेज निषेध कानून से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने महिलाओं को बताया कि किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या भेदभाव की स्थिति में वे बिना हिचकिचाए प्रशासनिक और कानूनी मदद ले सकती हैं।

मीनाक्षी ने महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं जैसे —

  • मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना,
  • मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना,
  • निराश्रित महिला पेंशन योजना,
  • स्पॉन्सरशिप योजना
  • और वन स्टॉप सेंटर — की जानकारी भी दी।

इसके साथ ही उन्होंने प्रतिभागी महिलाओं को हेल्पलाइन नंबर —
1090 (महिला हेल्पलाइन), 181 (महिला सहायता), 112 (आपातकालीन सेवा) और 1098 (बाल हेल्पलाइन) — के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया और आग्रह किया कि किसी भी संकट की स्थिति में इन सेवाओं का तत्परता से उपयोग करें।

कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियां अभिलाषा, अंजना, पूनम सहित क्षेत्र की कई महिलाएं उपस्थित रहीं। सभी ने मिशन शक्ति अभियान की इस पहल की सराहना की और ऐसे कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।

यह कार्यक्रम महिलाओं और किशोरियों में आत्मरक्षा, अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास रहा।।